सोशल मीडिया की दोस्ती… बन गई खौफनाक साजिश!

शाजापुर में युवती के साथ ब्लैकमेल का शातिर खेल

शाजापुर,अग्निपथ। सोशल मीडिया की आभासी दुनिया में अजनबियों से दोस्ती करना कितना भारी पड़ सकता है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला शाजापुर में सामने आया है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक मामूली बातचीत ने एक युवती और उसके पूरे परिवार को नरक जैसी प्रताड़ना में झोंक दिया। बिहार में बैठे एक शातिर दरिंदे ने न केवल युवती का एडिटेड अश्लील वीडियो तैयार किया, बल्कि ‘वन्स व्यू’ जैसे फीचर का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। कोतवाली पुलिस ने अब इस डिजिटल शिकारी के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

पहले जीता भरोसा, फिर बिछाया ब्लैकमेलिंग का जाल

शुरुआत बेहद मीठी बातों से हुई। पीड़िता की पहचान करीब एक माह पहले इंस्टाग्राम पर ‘अभिषेक उपाध्याय’ नामक आईडी से हुई थी। आरोपी इतना शातिर था कि उसने पहले युवती का भरोसा जीतने के लिए उसे कुछ पैसे भेजे। एक बार जब दोस्ती गहरी हुई, तो उसने अपनी कथित मजबूरियां बताकर युवती से ही उधार मांगना शुरू कर दिया। जैसे ही युवती को उसकी नीयत पर शक हुआ और उसने बात करना बंद किया, अभिषेक ने अपना असली और घिनौना चेहरा दिखा दिया।

3 फरवरी की वो काली शाम: वीडियो देख उड़ गए युवती के होश

ब्लैकमेलिंग का खौफनाक खेल 3 फरवरी 2026 की शाम को शुरू हुआ। आरोपी ने इंस्टाग्राम के ‘वन्स व्यू’ फीचर (जो एक बार देखने के बाद गायब हो जाता है) के जरिए युवती को उसका एक एडिटेड अश्लील वीडियो भेजा। वीडियो देखते ही युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके तुरंत बाद आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी कि यदि यह वीडियो दुनिया को नहीं दिखाना है, तो तुरंत 6 हजार 500 रुपये भेजो।

बहन को भेजा वीडियो, पिता को दी धमकियां: पुलिस ने दर्ज किया केस

जब जांबाज युवती ने ब्लैकमेलर के सामने झुकने और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने सारी हदें पार कर दीं। उसने वही अश्लील वीडियो युवती की बहन के मोबाइल पर भेज दिया। इतना ही नहीं, वह अलग-अलग नंबरों से युवती और उसके पिता को लगातार कॉल कर मानसिक रूप से टॉर्चर करने लगा। कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

Next Post

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने माना शाजापुर पुलिस का लोहा: 12 जांबाजों को अति उत्कृष्ट और उत्कृष्ट सेवा पदक

Thu Feb 5 , 2026
शाजापुर,अग्निपथ। शाजापुर पुलिस के नाम एक सुनहरी और गौरवशाली उपलब्धि जुड़ गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शाजापुर जिले के 12 पुलिसकर्मियों को उनकी वर्षों की निष्ठा, कठिन परिश्रम और अटूट कर्तव्यपरायणता के लिए देश के प्रतिष्ठित ‘सेवा पदक’ से सम्मानित किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ ही पूरे […]

Breaking News