साइबर ठगी: धार जिले में दो व्यक्तियों के खातों से 4 लाख 81 हजार रुपये पार

धार, अग्निपथ। धार जिले में साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अज्ञात बदमाशों द्वारा फर्जी तरीके से बैंक खातों से पैसे निकालने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामलों में ठगों ने धामनोद और ग्राम अनारद के दो व्यक्तियों को अपना निशाना बनाया और उनके खातों से कुल 4 लाख 81 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर धार साइबर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया है। फिलहाल जिन खातों में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी जानकारी बैंकों से मांगी जा रही है।

मोबाइल हैक कर खाते से निकाले 2 लाख 81 हजार रुपये

पहला मामला धामनोद के सुन्द्रेल फाटा का है। यहाँ के निवासी राहुल पिता महादेव पाटीदार ने पुलिस को बताया कि उनका मोबाइल संभवतः हैक कर लिया गया था। उनके आईडीएफसी बैंक खाते से अज्ञात आरोपी ने तीन बार में बड़ी रकम कोटक महिंद्रा बैंक में ट्रांसफर कर ली। ठगों ने दो बार में एक-एक लाख रुपये और तीसरी बार में 81 हजार रुपये उड़ा दिए। राहुल को इस बड़ी ट्रांजेक्शन का पता तब चला जब खाते से पैसे कट चुके थे।

ग्राम अनारद के युवक से 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी

दूसरा मामला धार शहर के पास स्थित ग्राम अनारद का है। यहाँ के निवासी इरफान पिता जाहीद हुसैन खान के साथ भी ऐसी ही धोखाधड़ी की घटना हुई है। अज्ञात ठगों ने फर्जी तरीके से उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर 2 लाख रुपये की राशि निकाल ली। इरफान ने स्थानीय थाने पहुंचकर इस धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब ट्रांजेक्शन हिस्ट्री के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

साइबर विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

लगातार बढ़ रही इन घटनाओं को लेकर साइबर विशेषज्ञों ने आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। व्हाट्सएप या एसएमएस पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक को खोलने से मोबाइल हैक हो सकता है और आपकी जमा पूंजी साइबर अपराधियों के हाथ लग सकती है।

Next Post

शराब दुकान से सरेआम लूट: कांग्रेस विधायक के भाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Fri Feb 6 , 2026
धार, अग्निपथ। धार जिले की डही तहसील में स्थित एक शराब दुकान में घुसकर शराब की बोतलें लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग जबरन दुकान में प्रवेश कर अलमारियों में रखी महंगी बोतलें […]

Breaking News