3 थानों के टीआई सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा, शेड और बाउंड्री को तोड़ा
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन नगर निगम की टीम ने शनिवार सुबह नजरअली मिल कम्पाउंड परिसर में स्थित 150 साल पुरानी पांच पीर वाली गेब शाह बाबा की दर्गा और मजार के आसपास अवैध अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और निगम के अमले की मौजूदगी रही। नगर निगम की रिमूवल टीम ने मजार के पास बनाए गए शेड और बाउंड्री वॉल को तोडक़र वर्षों से चल रहे अतिक्रमण को साफ किया।
उज्जैन के नजर अली मिल कम्पाउंड में स्थित वर्षों मजार के पास किए गए अतिक्रमण को लेकर नगर निगम और संबंधित कमेटी को कई बार नोटिस दिए गए थे। शनिवार तडक़े निगम का भारी अमला तैनात किया गया और सुबह करीब 8.30 बजे कार्रवाई शुरू हुई। इसमें मजार की बाउंड्री समेत अन्य अवैध निर्माणों को तोड़ा गया।
सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि इस दौरान तीन थानों के टीआई सहित 50 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्रवाई में तीन जेसीबी, कटर और नगर निगम की अन्य मशीनरी का उपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के दौरान कोई विरोध नहीं हुआ और पहले से नोटिस देने के बाद ही यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में करीब एक दर्जन पेड़ काटने पड़े, साथ ही बाहर बने शेड और बाउंड्री को भी नगर निगम की टीम ने तोड़ दिया।
रमजान आने वाला है, किस तरह हम लोग इबादत करेंगे
कमेटी के मोहम्मद गुफरान ने बताया कि पांच पीर वाली गेबशाह बाबा के नाम से मशहूर मजार है जो करीब 150 साल पुरानी है। सभी धर्म के लोग यहां आते है। उनकी मुराद पूरी होती है। तार फेंसिंग नगर निगम ने करके दी थी अब खुद ही तोड़ रहे हंै। कमेटी के लोगों ने इसका जवाब भी दे दिया था। रमजान आने वाला है। किस तरह से हम लोग इबादत करेंगे।
मजार हटाने की मांग
हिन्दू जागरण मंच के संयोजक रितेश माहेश्वरी ने बताया कि पूरी मजार को कुछ वर्षो पहले ही अवैध रूप से अतिक्रमण कर बनाया गया है। इसका प्राचीन कोई अस्तित्व नहीं है। हमने कई बार इसको हटाने की मांग की है। प्रशासन पूरी मजार को जल्द हटाए।
6 हजार स्क्वायर फीट भूमि मुक्त
विदित रहे कि सेटेलाइट इमेज में उक्त स्थल पर वर्ष 2000 में लगभग मात्र 20 स्क्वेयर $फीट एरिया में छोटी दरगाह/चबूतरा प्रतीत हो रहा जबकि वर्ष 2011, 2021 एवं 2025 में इस पर अवैध रूप से अतिक्रमण एवं जंगली झाडिय़ा फैलती नजर आ रही जिसमें असामाजिक तत्व डेरा डाले रहते थे एवं गंदगी फैलाते थे। उक्त स्थल को अतिक्रमण एवम गंदगी मुक्त करने शनिवार को निगम टीम द्वारा कार्रवाई की गई जिसमें लगभग 02 करोड़ से अधिक राशि की 06 हजार स्क्वायर फीट भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
