तीन आरोपियों को पूर्व में पकडक़र जेल भेजा जा चुका
उज्जैन, अग्निपथ। भाटपचलाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग के फरार मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर एक सुनियोजित धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में रविवार को गैंग के मुख्य सूत्रधार लखन को दबोच लिया, जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
शादी के नाम पर 1 लाख 40 हजार की मांग, 90 हजार में हुआ सौदा
धोखाधड़ी का यह मामला तब सामने आया जब 29 जनवरी को ग्राम मसवाडिया निवासी दिलीप धानुका ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि वह और उसका परिवार विवाह हेतु वधु की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनसे संपर्क किया और पायल क्षारिया निवासी भोपाल से उनकी मुलाकात कराई। शादी तय कराने के नाम पर आरोपी मुकेश धानुका, लखन बलाई और उनके साथियों ने 1 लाख 40 हजार रुपये की मांग की, जिसमें से दिलीप ने 90 हजार रुपये नकद दे दिए।
विवाह के 10 दिन बाद दुल्हन जेवर लेकर फरार
योजना के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को गजनीखेड़ी में दिलीप और पायल का विवाह संपन्न हुआ। लेकिन विवाह के मात्र 8-10 दिनों बाद ही दुल्हन पायल ने अतिरिक्त रुपयों की मांग शुरू कर दी। मौका पाकर 29 जनवरी को पायल अपने साथी मुकेश के साथ घर से फरार हो गई। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस की शरण ली।
तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना भाटपचलाना में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 जनवरी को ही दुल्हन पायल क्षारिया, मुकेश धानुका और जुनैद उर्फ अमन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मुख्य आरोपी लखन भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
मामले का मुख्य आरोपी लखन पिता सीताराम बलाई (35 वर्ष) निवासी ग्राम उमरना (थाना बिरलाग्राम) घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस टीम उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी, जिसे रविवार को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क और पूर्व में की गई ठगी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
