उज्जैन, अग्निपथ। सीएम हेल्प लाइन की शिकायतों का तय समय में करने के कहा जा रहा है। बावजूद कई अधिकारी इसे नजर अंदाज कर रहे हैं। सीएल पत्रों की समीक्षा बैठक में 50 दिन से अधिक की लंबित शिकायतों के निराकरण पर ध्यान नहीं देने पर कलेक्टर रौशन सिंह ने सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल, नागदा के प्रभारी सीएमओ रवि गुप्ता और उच्च शिक्षा विभाग की जिला अधिकारी वंदना गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की है।
इनके अलावा बैठक में अनुपस्थित रहने पर उन्हेल नगर परिषद सीएमओ संजय देवड़ा पर भी कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 11 फरवरी के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियां करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। इसके अलावा महाशिवरात्रि पर्व से जुड़ी तैयारियों को भी वक्त रहते पूरी करने को भी कहा।
स्वास्थ्य की 50 दिन से अधिक लंबित 330 शिकायतें: प्रशासन के आंकड़े बताते हैं कि सीएम हेल्पलाइन में स्वास्थ्य विभाग की 50 दिन से अधिक की पेंडिंग शिकायतें करीब 330 हैं। बताया जाता है कि इनमें से अधिकांश शिकायतें ऐसी हैं, जिनका निराकरण किया जाना आसान है लेकिन जिम्मेदार इसमें रूचि नहीं ले रहे हैं।
वहीं नागदा नगरीय निकाय की 50, उच्च शिक्षा की 17 तथा विवि की 81 शिकायतें हैं जो कि 50 दिन से अधिक दिनों की पेंडिंग वाली है। खास बात यह कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही करने वाले ये तीनों चिकित्सा-शिक्षा और नगरीय निकाय सीधे तौर पर जनता से जुड़ी सेवाओं वाले विभाग हैं।
