नागदा में मां-बेटे के साथ हुई लूट का पर्दाफाश: सगे भाइयों ने दामाद के साथ मिलकर डाली थी डकैती

नागदा, अग्निपथ। बिड़लाग्राम पुलिस ने गिंदवानिया और खुरमुंडी ट्रेचिंग ग्राउंड के पास मां-बेटे के साथ हुई सनसनीखेज लूट का खुलासा कर दिया है। इस वारदात को धार जिले के दो सगे भाइयों ने अपने गांव के दामाद के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूट में इस्तेमाल हथियार, बाइक, 1.7 किलोग्राम चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस गुरुवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड मांग सकती है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, 4 जनवरी की रात राहुल गुर्जर अपनी मां पन्नाबाई के साथ बाइक से खुरमुंडी-गिंदवानिया मार्ग से गुजर रहे थे। तभी बदमाशों ने उन्हें रोककर लोहे के पाइप से मारपीट की और चाकू दिखाकर चांदी का कंदोरा, आंवले, कड़े, सोने की मुर्की और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। राहुल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इन शातिर बदमाशों की हुई गिरफ्तारी

पकड़े गए आरोपियों में दिनेश पिता जानकीलाल मोंगिया (25 वर्ष) और उसका बड़ा भाई घनश्याम मोंगिया (30 वर्ष), निवासी खैरवास जिला धार शामिल हैं। इनका तीसरा साथी इनके गांव का दामाद गणेश उर्फ गणपत पिता दशरथ मोंगिया (40 वर्ष), निवासी मंदसौर है। आरोपी घनश्याम पर पहले से 11 और दिनेश पर 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि गणेश के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। हालांकि, लूट की यह उनकी पहली बड़ी वारदात बताई जा रही है।

पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम

एसपी प्रदीप शर्मा ने एएसपी अभिषेक रंजन और सीएसपी विक्रम अहिरवार के मार्गदर्शन में इस गुत्थी को सुलझाने वाली टीम की सराहना की है। थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार सहित खाचरौद थाना और साइबर सेल की टीम को इस सफलता पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Next Post

शादी के नाम पर ठगी करने वाली सास-बहू आगरा से गिरफ्तार, 1.80 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा

Fri Feb 13 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। महिदपुर थाना क्षेत्र में युवक से शादी कराने के नाम पर 1.80 लाख की धोखोधड़ी करने वाले गिरोह की दो महिलाओं को महिदपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया है। दो रिश्ते में सास बहू हैं। महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने […]

Breaking News