उज्जैन, अग्निपथ। पंवासा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पिपलिया बिछा में खेत की मेड़ पर बिछे बिजली के तार की चपेट में आने से 11 साल के बालक की दुखद मौत हो गई। परिजनों ने इस मामले में खेत मालिक और एमपीईबी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंटिंग का काम करने वाले इरफान शाह का 11 वर्षीय पुत्र अरकान गुरुवार सुबह बाबूलाल बागरी के खेत के पास खेलते हुए चला गया था। खेत की मेड़ पर किसान बाबूलाल ने जानवरों से फसल के बचाव के लिए सेंटिंग के वायर में बिजली का करंट जोड़कर उसे सड़क पर फैला रखा था। खेलते समय बालक इसी बिजली के तार की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मेड़ के पास बेसुध पड़ा
मृतक के मामा नियाज ने बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजे अरकान अपनी मां नसीम बी से खेलने का बोलकर घर से निकला था। जब वह दोपहर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम 4 बजे सूचना मिली कि अरकान बाबूलाल बागरी के खेत की मेड़ के पास बेसुध पड़ा है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों ने बिजली विभाग (MPEB) और खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
