उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ मेले में आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उज्जैन में आंतरिक मार्गों के चौड़ीकरण का काम तेज कर दिया गया है। कोयला फाटक मार्ग से निजातपुरा, कंठाल तक और बियाबानी से तेलीवाड़ा तक सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में शुक्रवार को तेलीवाड़ा से दानी गेट तक चौड़ीकरण के लिए नगर निगम की टीम ने मुनादी करवाई, जिसके बाद क्षेत्र के व्यापारियों और रहवासियों ने टंकी चौक के पास चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे चले इस चक्काजाम के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सात दिन के नोटिस पर भड़के रहवासी और व्यापारी
नगर निगम की ओर से मिले नोटिस के बाद रहवासियों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि महज सात दिन में घर और दुकानें खाली करना संभव नहीं है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें कम से कम एक महीने का समय दिया जाए। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस पार्षद अर्पित दुबे, माया त्रिवेदी और पार्षद पति मुजीब सुपारीवाला सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पार्षद माया त्रिवेदी ने कहा कि केडी गेट, तेलीवाड़ा और कोयला फाटक मार्ग पहले से ही टूटे पड़े हैं और अभी तक ठीक नहीं हो पाए हैं। यदि अन्य मार्ग भी तोड़ दिए गए तो लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित होगी और इसका असर स्कूल बसों व स्थानीय व्यापार पर भी पड़ेगा।
त्योहार और परीक्षाओं का दिया हवाला
पार्षद अर्पित दुबे ने बताया कि सामने रमजान, महाशिवरात्रि और स्कूल की परीक्षाएं हैं। इसी मार्ग से कई स्कूल बसें गुजरती हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। उन्होंने मांग की है कि चौड़ीकरण का काम एक महीने बाद शुरू किया जाए, तब व्यापारी स्वेच्छा से सहयोग करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है और बिना समय सीमा तय किए सात दिन के नोटिस थमा दिए गए हैं।
अपर आयुक्त के आश्वासन पर खुला जाम
नगर निगम द्वारा सिंहस्थ की तैयारियों के तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है, लेकिन प्रभावित क्षेत्रों में विरोध के कारण मामला गरमा गया है। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर अपर आयुक्त पवन सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और उचित समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।
