उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर्व पर उज्जैन के ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में देशभर से उमड़ने वाले संभावित 10 लाख श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराने के लिए प्रशासन ने हाईटेक प्लान तैयार किया है। मंदिर प्रबंध समिति, पुलिस और जिला प्रशासन ने मिलकर तकनीक का सहारा लिया है ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गूगल मैप के एल्गोरिदम में बदलाव, 40 मिनट में दर्शन का लक्ष्य
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा और मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी और पुलिस की साइबर टीम गूगल मैप के एल्गोरिदम में तकनीकी बदलाव कर रही है। इस तकनीक के माध्यम से शहर की सड़कों और पार्किंग की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी। जैसे ही कोई मार्ग जाम होगा या पार्किंग फुल होगी, गूगल मैप से वह रास्ता स्वतः हट जाएगा और वैकल्पिक खाली मार्ग सक्रिय हो जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को लगभग 40 मिनट में दर्शन कराना है। यह व्यवस्था 24 फरवरी की रात से 16 फरवरी की दोपहर तक लागू रहेगी।
1 लाख वाहनों के लिए व्यापक पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर में करीब 1 लाख से अधिक वाहनों के प्रवेश की संभावना है। सुरक्षा के लिए 14 से 16 फरवरी तक लगभग 1500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पूरे क्षेत्र पर 200 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए नजर रखी जाएगी।
मार्ग और पार्किंग व्यवस्था: कहां से आएं और कहां पार्क करें
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए निम्नानुसार पार्किंग तय की गई है:
बड़नगर रोड: वाहन मोहनपुरा ब्रिज से मुरलीपुरा होते हुए कृषि उपाज केंद्र मैदान (P-10) में पार्क होंगे।
नागदा रोड: साडू माता बावड़ी व रातड़िया रोड से वाहन राठौर समाज मैदान (P-9) में खड़े होंगे।
आगर रोड: मकोड़िया आम चौराहे से कार्तिक मेला ग्राउंड (P-8) में पार्किंग होगी। भारी वाहन उन्हेल नाका से P-9 में जाएंगे।
मक्सी/देवास/भोपाल/इंदौर रोड: वाहन मन्नत गार्डन, इंपीरियल होटल के पीछे (P-3) या इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान में पार्क होंगे। यहां से श्रद्धालुओं को शटल बस द्वारा कर्कराज पार्किंग तक लाया जाएगा।
शहर में इन मार्गों पर प्रवेश रहेगा पूर्णतः प्रतिबंधित
सुरक्षा की दृष्टि से 24 फरवरी शाम 4 बजे से निम्नलिखित मार्ग बंद रहेंगे: हरिफाटक टी से महाकाल घाटी, इंटरप्रिटेशन मार्ग, जंतर-मंतर से जयसिंहपुरा, शंकराचार्य चौराहा से नृसिंह घाट, दानीगेट से भूखी माता, और कंठाल से छत्री चौक मार्ग पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
वैकल्पिक व्यवस्था
यदि मन्नत और इंपीरियल गार्डन की पार्किंग फुल होती है, तो वाहनों को रिजर्व पार्किंग में भेजा जाएगा। वहां से लोक सेवा वाहनों (शटल बस) के माध्यम से श्रद्धालुओं को कर्कराज पार्किंग तक पहुंचाया जाएगा, जहां से वे पैदल दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे।
यह भी पढ़ें : शिव नवरात्रि: उमा-महेश स्वरूप में सजे बाबा महाकाल
