उज्जैन, अग्निपथ। शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव ‘अनुगूंज’ का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अर्पण भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर (एडीएम) शाश्वत शर्मा ने शिरकत की।
शैक्षणिक वातावरण में आनंद का संचार करते हैं ऐसे आयोजन
मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. अर्पण भारद्वाज ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्नेह सम्मेलन शैक्षणिक संस्थानों में आनंद की अनुभूति का संचार करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजनों की सकारात्मक गूँज वर्ष भर परिसर में सुनाई देनी चाहिए, जिससे शैक्षणिक वातावरण भी प्रफुल्लित रहता है।
हौसले और उत्साह को बताया जीवन का आधार
विशिष्ट अतिथि एडीएम शाश्वत शर्मा ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में हौसले और उत्साह के साथ कर्म करते रहना ही मानव जीवन का मूल आधार है। वार्षिक स्नेह सम्मेलन छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच देने का श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर सकारात्मक प्रयास करने का आह्वान किया।
प्रतिभा प्रदर्शन के लिए जाना जाता है महाविद्यालय
शिक्षा विभाग (उज्जैन संभाग) के अतिरिक्त संचालक डॉ. एच.एल. अनिजवाल ने कहा कि यह महाविद्यालय अपने उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों के लिए भी पहचाना जाता है। कालिदास कन्या अग्रणी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि इस आयोजन ने उन्हें अपने समय के वार्षिकोत्सव की याद दिला दी।
विविध प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाया कौशल
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत पुराणिक ने विविधरंगी प्रतिस्पर्धाओं के लिए छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। स्वागत भाषण छात्र संघ प्रभारी डॉ. रश्मि भार्गव ने दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिव्या गहरात्रा ने किया और आभार डॉ. संगीता कारलेकर ने माना।
उद्घाटन सत्र के बाद पूरा महाविद्यालय परिसर गतिविधियों से गूंज उठा। खेल मैदान में छात्राओं ने रस्साकशी, चेयर रेस और स्लो साइकिलिंग में अपना दमखम दिखाया। वहीं, सांस्कृतिक और साहित्यिक मंच पर तत्कालिक भाषण, अल्पना (रंगोली), केश सज्जा, फैंसी ड्रेस और दुल्हन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने सोल्लास भागीदारी कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
