परिषद सम्मेलन में हंगामा: पीपीपी मॉडल को बहुमत, एचटी लाइन शिफ्टिंग पर कांग्रेस ने घेरा

धार, अग्निपथ। नगर पालिका धार के साधारण परिषद सम्मेलन में सोमवार को गहमागहमी के बीच कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में कुल 20 बिंदुओं पर चर्चा हुई, जिसमें हुडको की जमीन को पीपीपी (PPP) मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव प्रमुख रहा। सीएमओ विश्वनाथ सिंह ने वर्ष 1988 की कार्ययोजना और कोर्ट से नगर पालिका के पक्ष में आए फैसले की जानकारी दी। हालांकि, कुछ पार्षदों ने इस पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन अंततः पूर्ण बहुमत से इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया।

बस स्टैंड पर बिजली लाइन शिफ्टिंग को लेकर रार

नवीन बस स्टैंड क्षेत्र में बाधा बन रही एचटी (HT) लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के मुद्दे पर कांग्रेस पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया। नेता प्रतिपक्ष करीब अब्दुल कुरैशी व अन्य पार्षदों का कहना था कि जब ठेकेदार को निर्माण के लिए करोड़ों रुपये का टेंडर दिया गया है, तो शिफ्टिंग का खर्च नगर पालिका क्यों वहन करे? इसके अलावा, बैठक में पाटीदार हॉस्पिटल के सामने 25 नई दुकानों और उदय रंजन क्लब की 17 दुकानों के निर्माण को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। पशु हाट बाजार का टेंडर भी 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ पुराने ठेकेदार को ही आवंटित करने का निर्णय लिया गया।

सफाई व्यवस्था पर बिफरे पार्षद, बैठक का बहिष्कार

बैठक की शुरुआत ही सफाई और पेयजल संकट की शिकायतों के साथ हुई। पार्षदों ने नाराजगी जताई कि कचरा गाड़ियां समय पर वार्डों में नहीं पहुंच रही हैं और नगर पालिका कर्मचारी पार्षदों के फोन तक नहीं उठाते। इस बीच वार्ड क्रमांक 1 से 30 की पुरानी पाइप लाइन बदलने के प्रस्ताव को नर्मदा लाइन बिछने की योजना के कारण होल्ड कर दिया गया। वहीं, पार्षद सारिका अजय सिंह ठाकुर ने सत्ताधारी दल और प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी क्षेत्रों के विकास कार्यों को ठप कर दिया गया है और परिषद केवल औपचारिक बनकर रह गई है।

Next Post

बालाजी मंदिर में हुई चोरी का सुराग लगाने की मांग, ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

Mon Feb 16 , 2026
नलखेड़ा, अग्निपथ। तहसील क्षेत्र के ग्राम गुजरखेड़ी स्थित प्रसिद्ध बालाजी मंदिर में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा न होने से ग्रामीणों में भारी असंतोष व्याप्त है। सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर ग्रामीणों ने थाना परिसर पहुंचकर थाना प्रभारी नागेश यादव को एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग […]

Breaking News