नागदा-महिदपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, 3 युवकों की मौत

मौत

नागदा, अग्निपथ। नागदा-महिदपुर रोड पर स्थित ग्राम रूपेटा के समीप सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर मंडी और बिरलाग्राम थाने की डायल-100 टीम मौके पर पहुंची।

आरक्षक प्रमोद गोलावत, पायलट नरेश गुप्ता और सैनिक वीरेंद्र ने एम्बुलेंस की मदद से तीनों गंभीर घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों के नागदा पहुंचने के बाद मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में जैनुल आबेदीन शामिल है जो पेशे से इंजीनियर था। उसका देपालपुर में अलमारी और सोफे बनाने का कारखाना है। वह अपने कर्मचारी अनवर के साथ पेमेंट लेने के लिए महिदपुर रोड जा रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। बताया गया है कि जैनुल की शादी महज छह माह पहले ही हुई थी।

दूसरी बाइक पर सवार राहुल गुर्जर झुटावद पोस्ट ऑफिस का कर्मचारी था। उसके पिता सीआरपीएफ में सेवारत हैं और मूलतः हरियाणा के रहने वाले हैं। आरक्षक प्रमोद गोलावत ने राहुल के मोबाइल से उसके पिता को सूचना दी, जिन्होंने मंगलवार सुबह तक नागदा पहुंचने की बात कही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैनुल के सिर में गंभीर चोट आई थी और एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। राहुल के सिर में भी गहरी चोट लगी थी। वहीं, अनवर अस्पताल पहुंचने तक सांस ले रहा था, लेकिन प्राथमिक उपचार मिलने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। एएसआई सुनील परमार ने तीनों के परिजनों से संपर्क कर मामले की जानकारी दी है।

Next Post

देवास में खाने के विवाद पर ढाबा संचालक की बेरहमी से पिटाई

Mon Feb 16 , 2026
देवास, अग्निपथ। बायपास स्थित एक ढाबे पर देर रात खाना नहीं मिलने की छोटी सी बात पर चार युवकों ने तांडव मचा दिया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने ढाबा संचालक की बेल्ट और डंडों से जमकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि ढाबे में तोड़फोड़ […]

Breaking News