शाजापुर, अग्निपथ। शाजापुर जिले के ग्राम कुकड़ी में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां चोरों ने न केवल एक सूने मकान के ताले तोड़े, बल्कि एक मजबूर पिता द्वारा अपने मृतक बेटे की अंतिम इच्छा और उधारी चुकाने के लिए जुटाए गए लाखों रुपये भी पार कर दिए। मामले में पुलिस की सुस्त कार्रवाई से परेशान पीड़ित परिवार ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
मजदूरी करने गया था परिवार, पीछे से साफ हुआ हाथ
जानकारी के अनुसार, कुकड़ी निवासी बाबूलाल पिता रतनलाल मंगलवार को अपने पूरे परिवार के साथ जंगल में मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने दोपहर करीब 2 बजे घर का ताला तोड़ दिया। चोरों ने अलमारी और पेटी को खंगालकर वहां रखे 4 लाख रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र और आधा किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शाम को जब परिवार लौटा, तो घर का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मृतक पुत्र का सपना पूरा करने के लिए जुटाए थे पैसे
यह चोरी पीड़ित बाबूलाल के लिए किसी वज्रपात से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले ही उनके 25 वर्षीय युवा पुत्र का आकस्मिक निधन हो गया था। बेटे ने शाजापुर के ज्योति नगर में एक प्लॉट खरीदा था, जिसकी दो किस्तें बकाया थीं। पुत्र की इस जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए बाबूलाल ने अपनी बहन और ससुराल पक्ष से 4 लाख रुपये उधार मांगकर जुटाए थे। चोरों ने वही उधारी की रकम साफ कर दी, जिससे अब परिवार के सामने बड़ा आर्थिक और मानसिक संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
पीड़ित का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद सुनेरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। न तो चोरों का कोई सुराग मिला है और न ही माल बरामद हुआ है। इसी से आहत होकर पीड़ित ने कलेक्टर को शिकायती आवेदन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है: “फरियादी की शिकायत पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके का मुआयना किया था। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” — अंकित मुकाती, थाना प्रभारी, सुनेरा
