पुलिस की लाठीचार्ज के बाद बजरंग दल का हंगामा और पथराव
उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा थाना क्षेत्र के केशव नगर में मंगलवार दोपहर एक मामूली विवाद ने सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया। ऑटो निकालने की बात पर हुए विवाद में आधा दर्जन लोगों ने कोचिंग संचालक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल जागरी को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर चक्काजाम किया और शाम को क्षेत्र में पथराव की घटना भी हुई।
ऑटो निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद
नीलगंगा पुलिस के अनुसार, अजय जागरी पिछले 30 वर्षों से केशव नगर में कोचिंग क्लास संचालित कर रहे हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे क्षेत्र के निवासी इमरान और आरिफ वहां से ऑटो लेकर निकल रहे थे। विवाद की शुरुआत तब हुई जब ऑटो अजय की पत्नी से टकरा गया। पहले महिलाओं के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुरुषों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर इमरान और आरिफ के परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से अजय जागरी पर हमला कर दिया। इस पूरी वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
पुलिस लाठीचार्ज और बजरंग दल का आक्रोश
विवाद की सूचना पर जब नीलगंगा पुलिस मौके पर पहुंची, तो भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया गया। इस दौरान पुलिस की लाठियों की चपेट में बजरंग दल का एक कार्यकर्ता आ गया। कार्यकर्ता की पिटाई की खबर फैलते ही संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जमा हो गए। उन्होंने महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस की समझाइश के बाद जाम तो खुला, लेकिन कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर दिया। शाम को माहौल फिर बिगड़ गया जब कार्यकर्ताओं ने केशव नगर पहुंचकर पथराव कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए सीएसपी दीपिका शिंदे और टीआई तरुण कुरील भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
हफ्ता मांगने और पुरानी रंजिश के आरोप
घायल अजय जागरी के परिजनों का आरोप है कि आरोपी अक्सर कोचिंग के बाहर खड़े रहते थे, जिन्हें अजय वहां से भगा देते थे। मंगलवार को जब उन्होंने टोका, तो आरोपियों ने कोचिंग चलाने के बदले ‘हफ्ता’ (रंगदारी) की मांग की और हमला कर दिया। हमले के बीच-बचाव में आईं अजय की पत्नी पूनम के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। वहीं, दूसरी ओर आरोपी पक्ष की नसरीन का कहना है कि विवाद घूरने की बात को लेकर शुरू हुआ था और पुरानी रंजिश के चलते मारपीट हुई। घटना के विरोध में आज खाती समाज के लोगों द्वारा एसपी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इनका कहना
पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। स्थिति अभी नियंत्रण में है। — तरुण कुरील, टीआई, नीलगंगा
