होटल के बाहर बजरंग दल ने पकड़ा, सिर से बहा खून
उज्जैन, अग्निपथ। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक को पंडित की वेशभूषा में पकड़ा और उसकी जमकर धुनाई कर दी। युवक पंजाब के मोहाली से एक युवती के साथ उज्जैन दर्शन करने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक खुद को शिव भक्त बता रहा है।
वेश बदलकर होटल में ठहरा था युवक
थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहाली निवासी जफर खान धोती-कुर्ता पहने, माथे पर त्रिपुंड लगाए और गले में रुद्राक्ष की माला धारण किए हुए था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक युवक-युवती संदिग्ध अवस्था में होटल में ठहरे हैं। होटल के बाहर कार्यकर्ताओं ने युवक को घेरा और पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पहले उसने अपना हिंदू नाम बताकर गुमराह किया, लेकिन जब सख्ती बरती गई तो उसने अपना असली नाम जफर खान बताया।
नाम सामने आते ही भड़का आक्रोश
जैसे ही युवक की असल पहचान उजागर हुई, मौके पर मौजूद एक दर्जन से अधिक लोगों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट में जफर खान के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। बजरंग दल के जिला संयोजक ऋषभ कुशवाहा का आरोप है कि युवक ने होटल में कमरा लेने के लिए गलत पहचान बताई थी और पंडित का भेष धरकर अपनी असलियत छिपा रहा था, जो संदिग्ध है।
युवक का दावा- श्रद्धा के कारण किए दर्शन
वहीं, जफर खान ने पुलिस को बताया कि वह युवती को भगवान महाकाल के दर्शन कराने उज्जैन लाया था। उसने दावा किया कि वे महाकाल मंदिर, हरसिद्धि और काल भैरव मंदिर के दर्शन भी कर चुके हैं। युवक के अनुसार, उसने यह वेशभूषा श्रद्धावश धारण की थी। फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और होटल के दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
