उज्जैन नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: काम में लापरवाही पर ‘बिलीफ बिल्डकॉन’ 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट

उज्जैन, अग्निपथ। आगामी सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन नगर निगम ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसी पर कड़ा चाबुक चलाया है। शहर के महत्वपूर्ण सड़क मार्गों के निर्माण में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता करने के कारण बिलीफ बिल्डकॉन प्रा. लि. भोपाल को अगले 3 वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। साथ ही निगम ने कंपनी की बैंक गारंटी और सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि को भी राजसात (जब्त) करने के आदेश जारी किए हैं।

समय सीमा खत्म, फिर भी अधूरा रहा निर्माण

राज्य शासन द्वारा प्रदत्त विशेष निधि से गदापुलिया-मंछामन होते हुए इंदौर रोड तक सीमेंट कंक्रीट (CC) सड़क और नाला निर्माण का ठेका इस कंपनी को दिया गया था। कार्य पूर्ण करने के लिए 18 माह की समय सीमा तय की गई थी, जो काफी समय पहले समाप्त हो चुकी है। बार-बार नोटिस देने, ई-मेल, व्हाट्सएप और मौखिक निर्देशों के बावजूद कंपनी ने न तो लेबर बढ़ाई और न ही आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराई। विभागीय नोटिसों का संतोषजनक उत्तर न मिलने और सिंहस्थ की समीक्षा बैठकों में कार्य की खराब प्रगति को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।

शहर के 6 प्रमुख मार्गों पर संकट: कछुआ चाल से जनता परेशान

ब्लैकलिस्ट हुई इसी कंपनी के पास शहर के अन्य 6 प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण का जिम्मा भी है। इनमें कोयला फाटक से गोपाल मंदिर मार्ग और तेलीवाड़ा मार्ग जैसे व्यस्ततम रास्ते शामिल हैं। यहां कार्य की गति इतनी धीमी है कि पुराने शहर में वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों का निकलना दूभर हो गया है। समय पर काम पूरा न होने से नगर निगम की छवि धूमिल हो रही थी, जिसके बाद निगमायुक्त ने फर्म के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की।

ढाबा रोड चौड़ीकरण का विरोध: बैरंग लौटी जेसीबी

एक ओर निगम कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय विरोध भी सामने आ रहा है। बुधवार शाम ढाबा रोड पर चौड़ीकरण के लिए बिल्डिंग ऑफिसर साबू के नेतृत्व में जब जेसीबी पहुंची, तो स्थानीय निवासियों और पार्षद पति मुजीब सुपारीवाला ने इसका जमकर विरोध किया। विरोध इतना तीखा था कि निगम की टीम को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा। मुजीब ने चेतावनी दी है कि प्रशासन की इस मनमानी के खिलाफ आज बाजार बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Next Post

आगर वन परिक्षेत्र में शीतकालीन गिद्ध गणना संपन्न: माहरुंडी बीट में मिले दुर्लभ सफेद गिद्ध

Mon Feb 23 , 2026
नलखेड़ा, अग्निपथ। शासन के निर्देशानुसार 20, 21 एवं 22 फरवरी को आगर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत शीतकालीन गिद्ध गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस गणना के दौरान वन्यजीव प्रेमियों के लिए उत्साहजनक खबर सामने आई है। माहरुंडी बीट क्षेत्र में इजिप्शियन गिद्ध (सफेद गिद्ध) प्रजाति के 02 गिद्ध दिखाई […]

Breaking News