तबीयत बिगडऩे के बाद जेलवार्ड में भर्ती बंदी की मौत

उज्जैन, अग्निपथ। तबीयत बिगडऩे के बाद केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ से उपचार के लिये जिला अस्पताल के जेल वार्ड लाए गए बंदी की मंगलवार-बुधवार रात मौत हो गई। जेल प्रशासन की सूचना पर भैरवगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है।

केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ से 2 दिन पहले अनिल पिता विक्रम बंजारा (दायमा) 22 वर्ष को तबीयत बिगडऩे के बाद जिला अस्पताल के जेल वार्ड में उपचार के लिये लाया गया था। जहां मंगलवार देर शाम तक वह ठीक था। रात में उसकी अचानक तबीयत ज्यादा खराब हो गई। डॉक्टर उसे देखने पहुंच पाते उससे पहले मौत हो गई। जेल प्रशासन को खबर मिलते ही जेल प्रहरी ने मामले की जानकारी भैरवगढ़ थाना पुलिस को दी।

बुधवार सुबह मामले में मर्ग कायम कर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। वहीं जेल प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रिल जांच की बात कहीं गई है। जेल प्रशासन की ओर से बताया कि 12 दिन पूर्व जब विक्रम को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था, जब उसकी कोविड जांच कराई गई थी, जो नेगेटिव प्राप्त हुई थी।

रात में पिता मिलने आये थे

बताया जा रहा था कि जेल वार्ड में उपचार के लिये लाये गये अनिल से मिलने मंगलवार रात पिता आये थे। 10 बजे तक वह पूरी तरह से ठीक था। उसने पिता से भी कहा था कि अब ठीक हूं। परिजनों का कहना था कि जेल जाने के बाद से ही उसकी तबीयत खराब हो गई थी, लेकिन 2 बार कोरोना टेस्ट कराने पर उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।

17 पेटी बरामद हुई थी शराब

15 अप्रैल को चिंतामण थाना पुलिस ने धरमबड़ला-मंगरोला मार्ग पर खेत में भूसे के नीचे छुपाकर रखी गई अवैध शराब की 17 पेटी (कीमत 76 हजार) के साथ अनिल बंजारा और उसके साथी शुभम चावला को पकड़ा था। अनिल माधवगढ़ और शुभम नईखेड़ी का रहने वाला था। दोनों को एक दिन की रिमांड के बाद 17 अप्रैल को जेल भेजा गया था। पोस्टमार्टम के दौरान पिता और परिजन अस्पताल में मौजूद थे। पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिये शव परिजनों के सुपुर्द किया है। आशंका जताई गई है अनिल को अटैक आया है। जिसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोरोना के गंभीर मरीजों के बीच डॉक्टरों की जगह मेडिकल स्टूडेंटों की ड्यूटी लगाई

Thu Apr 29 , 2021
उज्जैन। कोरोना मरीजों के इलाज के लिए माधवनगर अस्पताल में जानकार डॉक्टरों की बजाय मेडिकल स्टूडेंटों की ड्यूटी लगा दी गई है। इन स्टूडेंटों को डॉक्टर इंचार्ज बनाकर बैठा दिया, ये गंभीर मरीजों की देखभाल कैसे करेंगे। कई बार 5 से 8 मिनिट होते हैं जिसमें गंभीर मरीज को मैनेज […]