कालूखेड़ी में हुआ हादसा: ब्लास्टिंग कर खोदा जा रहा था कुआं, सहायक सचिव की गई जान

उज्जैन, अग्निपथ। ग्राम पंचायत की स्वीकृति पर सरकारी कुआं खुदाई के लिये की जा रही ब्लास्टिंग से उछले पत्थर ने गेहूं तुलवाई का काम करा रहे सहायक सचिव की जान ले ली। सोमवार दोपहर हुए हादसे के बाद शाम को सहायक सचिव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने मामला जांच में लिया है।

घट्टिया तहसील के ग्राम कालूखेड़ी में शासकीय गोदाम पर गेहूं तुलवाई के लिये ग्राम पंचायत झीतरखेड़ी ग्राम पंचायत का सहायक सचिव लक्ष्मण पिता रामसिंह राजपूत (45) निवासी उज्जैनिया पहुंचे थे। गोदाम के समीप ही शासकीय कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। जिसमें टोटे लगाकर ब्लास्टिंग की जा रही थी।

दोपहर 3 बजे के लगभग पहला ब्लास्ट होने पर गेहूं तुलवाई करा रहे सहायक सचिव और अन्य लोगों ने कुछ देर के लिये धमाके रोकने के लिये कहा, लेकिन खुदाई कर रहे लोग नहीं रुके। दूसरा ब्लास्ट होते ही एक पत्थर उछला और सहायक सचिव के सिर पर गोली की रफ्तार से आकर लगा। लक्ष्मण राजपूत का सिर फट गया और मौके पर उनकी मौत हो गई। ग्राम पंचायत सोसायटी से जुड़े लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।

15 दिनों से चल रही खुदाई

सहायक सचिव के साथियों ने बताया कि सरकारी कुआं खुदाई का काम नाले के पास किया जा रहा है। खुदाई 15 दिनों से चल रही है। वहीं एक माह से गेहूं तुलवाई का काम चल रहा है। ब्लास्टिंग की शुरुआत सोमवार से हुई थी। घटनाक्रम के बाद तहसीलदार और पुलिस जांच के लिये मौके पर पहुंच गये थे। बताया जा रहा था कि सहायक सचिव 12 वर्षो से ग्राम पंचायत में अपनी सेवा दे रहे थे। उनका एक पुत्र है।

इनका कहना

लॉकडाउन में ब्लास्टिंग की अनुमति नहीं दी जा रही है। मामले की जांच के लिये तहसीलदार को भेजा गया है। जो भी व्यक्ति खुदाई का काम कर रहा है उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
-गोविंद दुबे, एसडीएम तहसील घट्टिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खुश खबर: जिला चिकित्सालय में लगेगी सिटी स्केन मशीन

Tue May 11 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। कोरोना संक्रमण के दौर में डॉक्टर सिटी स्केन करवाने की सलाह दे रहे हैं। लेकिन निजी सिटी स्केन सेंटरों पर मरीजों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है, तब तक मरीज की हालत खराब हो जाती है। उनकी जेब से उम्मीद से अधिक वसूली भी की जा […]