शुष्क इंडिया कंपनी की संपत्ति होगी नीलाम, प्रशासन ने की थी अटैच

2300 लोगों से ठगे थे ढाई करोड़ रुपए, ईओडब्ल्यू ने बनाया था केस

उज्जैन,अग्निपथ। राशि दोगुनी करने का झांसा देकर 2300 लोगों से ढाई करोड़ रुपए ठगने वाली शुष्क इंडिया कंपनी के डायरेक्टर्स की संपत्ति जल्द नीलाम हो सकती है। ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो) के इस मामले में प्रशासन ने तीन माह पहले कंपनी संचालकों की 22 संपत्ति अटैच की थी।

शुष्क इंडिया कंपनी द्वारा दोगुनी राशि का लालच देने पर हजारों लोगों ने करोड़ों रुपए निवेश कर दिए थे। लेकिन एफडी समय पूरा होने पर रुपए नहीं लौटाते हुए कंपनी संचालक भाग गए थे। शिकायत पर वर्ष 2015 में ईओडब्ल्यू ने जांच की तो 2300 लोगों से 2.46 करोड़ रुपए ठगी होना पाया था।

कंपनी के 13 संचालकों पर दर्ज केस में ईओडब्ल्यू डीएसपी अजय कैथवास ने मक्सी निवासी कैलाश लोधी, अनिल लोधी, दिनेश सेनी को जेल भेजकर कंपनी की सिहोर स्थित 32 बीघा जमीन सहित 22 संपत्ति की सूची प्रशासन को भेजी थी।

इस पर कलेक्टर आशीष सिंह व एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी ने मार्च माह में कंपनी की संपत्ति अटैच कर ली थी। प्रशासन अब उक्त संपत्ति जल्द ही नीलाम कर सकता है। संपत्ति बिकने पर निवेशकों को उनकी राशि वापस मिल सकती है।

पांच राज्यों पांच करोड़ की ठगी

ईओडब्ल्यू रिकार्डनुसार संचालकों ने दिसंबर 2009 में कंपनी खोली थी। कंपनी ने छत्तीसगढ़, राजस्थान, उड़ीसा सहित पांच राज्यों के लोगों से भी दोगुनी राशि देने का झांसा देकर 4 करोड़ 90 लाख, 53 हजार 650 रुपए ठगे। यहां 2300 लोगों से 2 करोड़ 46 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया था।

दिव्यांग वृद्धा को भी नहीं छोड़ा

डीएसपी कैथवास के मुताबिक संचालकों में दिनेश प्रमुख है। उसने शाजापुर की सूरदास पार्वती बाई के 10 लाख रुपए निवेश के नाम पर हड़प लिए। पार्वती बाई को यह राशि हाईवे में जमीन जाने पर वर्ष 2015 में मिली थी। सेनी ने 467 लोगों से दोगुनी राशि का लालच देकर 30 लाख 77 हजार रुपए ठगे हंै।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

साढ़े तीन लाख रुपए अज्ञात के खाते में ट्रांसफर होने पर भागे थे बच्चे, एक सप्ताह बाद नागदा में मिले दोनों भाई

Tue Jun 1 , 2021
उज्जैन,अग्निपथ। भाटपचलाना से एक सप्ताह पहले लापता हुए दोनों बच्चे मंगलवार को नागदा रेलवे स्टेशन पर मिल गए। दोनों भाइयों का अपहरण नहीं हुआ था। वह गलती से दूसरे खाते में साढ़े तीन लाख रुपए ट्रांसफर होने पर डरकर भाग गए थे। ग्राम गजनीखेड़ा से राज उर्फ अंगेश्वर पांडे (15) […]