लेफ्ट-राइट के नियम का पालन के साथ शाम 7 बजे तक खुली रहेंगी दुकानें

उज्जैन। अनलॉक की प्रक्रिया के चलते जिले में अब बाजार ज्यादा देर तक खुले रहेंगे। मंगलवार से ही दुकानों के खुलने का समय बढ़ा दिया गया है। अब शाम 7 बजे तक दुकानें खुली रहेंगी। हालांकि दायें-बायें (लेफ्ट-राइट) की दुकानें एक दिन छोडक़र खोलने का प्रतिबंध अब भी लागू रहेगा।

यह फैसला मंगलवार को जिले के कोरोना प्रभारी एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई जिला आपदा प्रबंधन कमेटी की बैठक में लिया गया। इसमें हुए निर्णयों के मुताबिक मंडी में किसानों को अपनी फसल विक्रय करने के लिए अब एसएमएस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा वह सीधे जाकर मंडी में अपनी फसल बेच सकेंगे। इसके अलावा अन्य व्यवस्थाएं यथावत रहेंगी और मंदिरों में दर्शनार्थियों के आने पर अभी ढील नहीं दी गई है।

अब संक्रमित व्यक्तियों को कोविड केयर सेंटर में ही रखेंगे

बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर आशीष सिंह ने जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि बीते 7 दिनों में उज्जैन जिले में कोरोना की संक्रमण की दर आधा (0.5) प्रतिशत रह गई है । जिले की सभी ग्राम पंचायतें रेड जोन से बाहर आ गई है तथा वर्तमान में जिले में केवल 40 पंचायतों में ही संक्रमण है। जिले में इस वक्त कोरोना के 148 एक्टिव कैसेस हैं। साथ ही ब्लैक फंगस के 89 मरीज हैं जिनका उपचार चल रहा है। कलेक्टर ने कहा कि अब आगे से कोरोना संक्रमण के जितने भी लोगो पाए जाएंगे उन सभी को होम क्वॉरेंटाइन के स्थान पर कोविड केयर सेंटर में रखा जाएगा जिससे संक्रमण उनके परिवारजनों एवं दूसरों में फैलने से रोका जा सके।

बैठक में कोविड-19 प्रभारी मंत्री डॉ मोहन यादव ने जिले के सभी एसडीएम से टीकाकरण के संबंध में भी चर्चा की और कहा कि टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाये और आने वाले समय में 44 प्लस लोगों का शत प्रतिशत वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य प्राप्त करें । उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यकता पडऩे पर वैक्सीनेशन सेंटर बढ़ाये जाए । 18 प्लस के व्यक्तियों का वैक्सीनशन करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में नए वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित करने के लिए कहा है। डॉ यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शत-प्रतिशत वैक्सीनशन करवाने वाली ग्राम पंचायतों का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए एवं उन्हें प्रोत्साहन दिया जाए।

बैठक में सांसद अनिल फिरोजिया ने तहसीलों में बैठे हुए जनप्रतिनिधियों से चर्चा की तथा सभी से आग्रह किया कि वे वैक्सीनेशन को एक अभियान के रूप में संचालित कर शत प्रतिशत वैक्सीनेशन की ओर बढ़े .सांसद ने ग्रामीण क्षेत्र में घर घर जा कर वैक्सीनशन करवाने व भ्रांतियां दूर करने को कहा ।
जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष विभाष उपाध्याय ने कहा कि मैं भी कोरोना वॉलिंटियर योजना के तहत वालंटियर बने लोगों का उपयोग वैक्सीनेशन में ही किया जाएगा तो अच्छे परिणाम सामने आएंगे। साथ ही उन्होंने ग्रामीण स्तर पर स्थापित की गई क्राइसिस मैनेजमेंट समितियों को भी वैक्सीनशन के कार्य में भागीदारी देने का अनुरोध किया।

बहादुर सिंह बोर मुंडला ने कहा कि किसानों को 2 महीने से मंडियां बंद होने के कारण अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है इसके लिए मंडियों को भी अनलॉक किया जाना चाहिए। बैठक में एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकित अस्थाना अपर कलेक्टर एसएस रावत व वीडियो कांफ्रेंस के जरिए घट्टिया विधायक रामलाल मालवीय जिले के सभी एसडीएम एवं तहसील के जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जूडा की प्रदेशव्यापी हड़ताल को उज्जैन आईएमए का पूर्ण समर्थन

Mon Jun 7 , 2021
उज्जैन। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की उज्जैन शाखा ने सर्वसम्मति से जूनियर डॉक्टर्स की प्रदेशव्यापी हड़ताल को पूर्ण समर्थन दिया है। एसोसिएशन की 6 जून को हुई आकस्मिक बैठक में यह फैसला लिया गया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. कात्यायन मिश्र ने बताया कि जूनियर डॉक्टर्स ने पूरे कोरोना काल के दौरान […]