गुंडे कालू यादव का थाने में जन्मदिन मनाया, जीवाजीगंज थाने में पुलिस के साथ पौधा रोपण

उज्जैन,अग्निपथ। जिले के आला पुलिस अधिकारी भले ही बदमाशों पर अंकुश लगाने का दावा करते हों, लेकिन दो थानों के सामने आए फोटो से हकीकत कुछ ओर बयान करती है। नीलगंगा थाने में कुख्यात बदमाश शैलेंद्र उर्फ कालू यादव उर्फ फुंसी जन्मदिन मनाता नजर आ रहा है। वहीं जीवाजीगंज थाने में स्टॉफ को स्टीम मशीन देकर उनके साथ पौधारोपण कर रहा है।

पुलिस के लिए शर्मनाक

बताया जाता है अंबर कॉलोनी निवासी कुख्यात बदमाश कालू फुंसी का 12 जून को जन्मदिन था। सूत्रों के अनुसार इस मौके पर नीलगंगा थाना परिसर में न सिर्फ हार पहनाकर जन्मदिन मनाया, बल्कि फोटो खिंचवाकर लोगों पर रोड झाडऩे के लिए फेसबुक पर भी पोस्ट किए गए। मामला चर्चा में आने के बाद एएसपी डॉ. रवींद्र वर्मा ने टीआई रवींद्र यादव से जवाब तलब कर लिया।

मंत्री के भाई के साथ थाने में

सर्वविदित है कि माधव क्लब रोड पर मंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हॉस्पीटल बनवाया जा रहा है। 12 जून को यहां कुछ विवाद हो गया था। इस पर डॉ. यादव के बड़े भाई नंदू यादव थाने में रिपोर्ट करने गए थे। सूत्रों के अनुसार कालू यादव भी उनके साथ गया और यहां अधिकारियों के जाते ही साथियों ने हार पहनाकर कालू का बर्थडे मनाया।

गुंडा पौधा लगाए, पुलिसकर्मी पानी डाले

कालू के जन्मदिन मनाने का सिलसिला जीवाजीगंज थाने में भी चला। यहां उसने टीआई गगन बादल से लेकर समस्त स्टॉफ को पहले स्टीम मशीन दी फिर थाना परिसर में ही पौधा रोपण किया। खास बात यह है कि जब वह पौधा लगा रहा था, पुलिसकर्मी इस तरह पानी लेकर खड़ा था जैसे अधिकारी के समक्ष उपस्थित हों। खास बात यह है कि दोनों आयोजनों में खिंचवाए फोटो सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किए गए।

इनका कहना है

थाने में किसी गुंडे, बदमाश नेता का जन्मदिन नहीं मनाया गया। मेरी गैर मौजूदगी में परिसर में किसी का बर्थडे मनाया हो तो जानकारी नहीं है। -रवींद्र यादव, टीआई नीलगंगा थाना

दानीगेट निवासी कपिल कसेरा साथियों के साथ आए और स्टीम मशीन देने के बाद पौधारोपण किया। उनके साथ कौन-कौन था जानकारी नहीं। -गगन बादल, टीआई जीवाजीगंज थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

टॉप 10 बदमाशों की पुलिस तैयार कर रही सूची

Tue Jun 15 , 2021
अपराधों को लेकर हुई समीक्षा बैठक उज्जैन, अग्निपथ। अनलॉक के बाद शहर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिये मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए टॉप 10 बदमाशों की सूची तैयार करने के निर्देश देते हुए कार्रवाई के निर्देश दिये […]