4.30 घंटे में हुआ आक्सीजन प्लांट कनेक्ट, एक-दो दिन में उदघाटन

मरीजों को सुबह 11 बजे किया न्यूआईसीयू में फिर से किया शिफ्ट

उज्जैन, अग्निपथ। सोमवार की रात को माधव नगर अस्पताल में स्थापित नए आक्सीजन प्लांट की लाइन को फिर से न्यू आईसीयू से जोडऩे का काम शुरू कर दिया गया था। इस दौरान न्यू आईसीयू में भर्ती मरीजों को ओल्ड आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। मंगलवार सुबह मरीजों को फिर से न्यू आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। अब आक्सीजन प्लांट का उदघाटन एक दो दिन में होने की जानकारी सामने आ रही है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के निर्देश पर अस्पतालों में आक्सीजन प्लांट की स्थापना की जा रही है। इसी के चलते चरक और पीटीएस का आक्सीजन प्लांट तो मरीजों के लिए शुरू कर दिया गया लेकिन माधव नगर अस्पताल का आक्सीजन प्लांट बनकर तैयार होने के बाद भी शुरू नहीं हो पाया था।

क्योंकि इसकी लाइन न्यू आईसीयू से कनेक्ट की जाना थी। इसके लिए मरीजों को ओल्ड आईसीयू में शिफ्ट किया जाना था। लेकिन विगत शनिवार को प्रदेश कांग्रेस सचिव भरत पोरवाल और मरीजों के परिजनों द्वारा न्यूआईसीयू में भर्ती उनके मरीजों को शिफ्ट करने का विरोध किया गया। इस दौरान 4 मरीजों की मौत के आरोप भी अस्पताल प्रबंधन पर लगे। सोमवार की रात को फिर से इंदौर से आए 4 इंजीनियरों द्वारा लाइन की खुदाई शुरू कर इसको वेल्ड करने का काम शुरू कर दिया गया था।

4.30 घंटे में हुई लाइन कनेक्ट

जानकारी के अनुसार सोमवार की रात को न्यू आईसीयू से मरीजों को शिफ्ट करने के बाद रात्रि 9.30 बजे से इंजीनियरों ने आक्सीजन प्लांट की लाइन को न्यू आईसीयू से जोडऩे का काम शुरू किया जो कि राद्धि 2 बजे तक चला। सुबह फिर से इंजीनियरों ने लाइन को चैक किया और इसके बाद सुबह 11 बजे के लगभग ओल्ड आईसीयू के मरीजों को यहां पर शिफ्ट किया गया। फिलहाल न्यूआईसीयू में 13 मरीज और पूरे अस्पताल में कोरोना के 54 मरीज भर्ती हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री को मिलेगा क्रेडिट

आक्सीजन प्लांट को न्यू आईसीयू से शीघ्र कनेक्ट करने की वजह उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव द्वारा इसको शुरू करने में रूचि लेना सामने आया है। इसी वजह से इतना हंगामा होने के बाद ही दूसरे दिन आक्सीजन प्लांट को जोडऩे का काम फिर से शुरू कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार अब एक दो दिन में इसका उदघाटन उच्च शिक्षा मंत्री और भाजपा के अन्य अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

इनका कहना है

रात्रि में इंजीनियरों द्वारा लाइन को सफलता पूर्वक जोड़ दिया गया है। मंगलवार की सुबह मरीजों को फिर से न्यू आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। -डॉ. विक्रम रघुवंशी, प्रभारी माधव नगर अस्पताल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सुबह चार बजे पत्नी का हथौड़ी से सिर फोड़ा

Tue Jun 15 , 2021
बीच बचाव करने पर पुत्र व पुत्री को भी किया घायल, आरोपी फरार उज्जैन,अग्निपथ। आगर रोड के एक गांव में मंगलवार तडक़े पति ने पत्नी पर हथौड़ी से हमला कर दिया। मां को बचाने का प्रयास करने पर उसने अपने पुत्र व पुत्री को भी हथौड़ी मारकर घायल कर दिया। […]