टंकारिया में खिडक़ी तोडक़र लाखों का माल ले भागे बदमाश; पिता-पुत्र के कमरों की लगाई कुंड़ी

खेत में पड़ी संदूक तक पहुंचा खोजी श्वान, पुलिस ने शुरू की तलाश

उज्जैन,अग्निपथ। चोरों ने मंगलवार-बुधवार रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। खिडक़ी तोडक़र मकान में घुसे बदमाशों ने सो रहे परिवार के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी थी। वारदात की जानकारी लगने पर सीएसपी, खोजी श्वान और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम जांच के लिये मौके पर पहुंची थी।

चिंतामण थाना क्षेत्र के ग्राम टंकारिया में कृषक निलेश पिता विष्णु पटेल के मकान पर बुधवार सुबह चोरी की बड़ी वारदात होना सामने आने के बाद सीएसपी पल्लवी शुक्ला, टीआई प्रवीण पाठक मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान सामने आया कि चारों ने खिडक़ी तोडक़र अंदर घुसे थे और गहरी नींद में सो रहे परिवार के कमरों की बाहर से कुंडी लगाने के बाद समीप कमरे में गोदरेज की अलमारी का ताला तोडक़र वारदात को अंजाम दिया है।

चोर घर में रखी संदूक भी अपने साथ ले गये है। परिवार को रात 3:30 बजे चोरी की वारदात का पता उस वक्त चला जब निलेश के पिता नींद से जागे और कमरे से बाहर आने के लिये दरवाजा खोलने का प्रयास किया। दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने अपने पुत्र निलेश को आवाज लगाई तो निलेश के कमरे का दरवाजा भी बंद था। निलेश ने बमुश्किल अपने कमरे का दरवाजा तोड़ा और बाहर आकर पिता के कमरे का दरवाजा खोला। उसके बाद खिडक़ी टूटी और कमरे में सामान बिखरा देख 4 बजे के लगभग पुलिस को चोरी की सूचना दी।

5.30 लाख नगद और आभूषण चोरी

निलेश पटेल ने बताया कि चोरों ने उनके यहां से 5 लाख 30 हजार नगद और 2 सोने के मंगलसूत्र, 3 अंगूठी, 6 जोड़ टॉप्स, 2 चेन, बच्चों के कान की बाली सहित चांदी के आभूषण लगभग 4 से 5 लाख के चोरी किये हैं। गर्मी अधिक होने पर सभी कमरों में रात को कूलर चल रहे थे। जिसके चलते बदमाशों के आने की भनक उन्हें नहीं लग पाई। उनके मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके लिये नगद रुपये घर में रखे हुए थे। बदमाशों ने उस कमरे में चोरी की है, जहां गेहूं भरा हुआ रखा है।

मोंगिया-पारदियों पर शंका

पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश मोंगिया-पारदी समाज के हो सकते हैं। चोरों का सुराग लगाने के लिये पूर्व में वारदात कर चुके चोरों से पूछताछ की जाएगी। वहीं संदिग्धों को हिरासत में लिया जाएगा। थाना प्रभारी पाठक के अनुसार चोरों का सुराग लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं। जल्द पकड़ा जाएगा।

घर से खेत तक दौड़ा श्वान

चोरी की बड़ी वारदात होने पर बदमाशों का सुराग तलाशने के लिये फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ खोजी श्वान को जांच के लिये बुलाया गया था। घर में बिखरे सामान को सूंघने के बाद श्वान ने खेत के दूसरे छोर की ओर दौड़ लगा दी। जहां घर से चुराई गई संदूक पड़ी पुलिस को मिली है। ताला तोडक़र तलाशी लेने के बाद चोर संदूक में रखे कपड़े छोडक़र भाग निकले थे।

सूने मकान के टूटे ताले

मक्सीरोड बिजली कार्यालय के पास भी बुधवार को सूने मकान में चोरी होना सामने आया है। माधवनगर टीआई मनीष लोधा ने बताया कि मकान मनोज उपाध्याय का है, जो अंजुश्री के पीछे कालोनी में रहने चले गये हैं। काफी दिनों से उनका मकान सूना था। बदमाशों ने ताला तोडक़र बर्तन और कुछ सामान चोरी किया है। मामले में जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

वकील की पत्नी को ब्लैकमेल करने वाले छात्र को पाकिस्तान बार्डर से पकड़ लाए; एक हजार किमी दूर गांव में छुपा था आरोपी

Wed Jun 16 , 2021
सोशल साइट पर दोस्ती कर संबंध बनाए थे आत्महत्या को मजबूर हो गई थी पीडि़ता उज्जैन,अग्निपथ। चिमनगंज पुलिस बुधवार को हजार किमी दूर पाकिस्तान बार्डर से छात्र को पकडक़र लाई है। आरोप है उसने क्षेत्र के एक अभिभाषक की पत्नी को सोशल साइट के जरिए फंसाया और उसके साथ खिंचे […]