मध्य प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: मुख्यमंत्री कार्यालय सहित कई विभागों में 9 IAS अधिकारियों के तबादले

उज्जैन, अग्निपथ। मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए हैं। इन तबादलों में मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर नर्मदा घाटी विकास, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा और सामान्य प्रशासन जैसे प्रमुख विभागों के अधिकारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय में अहम बदलाव

इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति वरिष्ठ IAS अधिकारी नीरज मंडलोई (1992 बैच) की है, जिन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव के रूप में पदस्थ किया गया है। उन्हें इसके साथ ही ऊर्जा विभाग और लोक सेवा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

वहीं, अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव पद पर कार्यरत वरिष्ठ IAS अधिकारी डॉ. राजेश राजोरा (1993 बैच) को अब उपाध्यक्ष, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, प्रबंध संचालक, नर्मदा बेसिन प्रोजेक्ट कंपनी लिमिटेड, और जल संसाधन विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अतिरिक्त, वे अब तक सामान्य प्रशासन विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

अन्य प्रमुख विभागों में भी IAS फेरबदल

  • संजय दुबे (1993 बैच), जो अब तक सामान्य प्रशासन विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, उन्हें नगरीय विकास एवं आवास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उनके पास यथावत रहेगा।
  • नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव IAS  संजय कुमार शुक्ला को सामान्य प्रशासन विभाग, विधिक प्रकोष्ठ, समन्वय तथा विमानन विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही वे कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष भी बने रहेंगे।
  • अब तक मत्स्य विकास एवं आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रहे डी.पी. आहूजा को सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे अशोक बर्णवाल को इस प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
  • किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग तथा सचिव कार्मिक, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे एम. सेलवेंद्रन को अब सचिव कार्मिक, सामान्य प्रशासन विभाग के रूप में नियुक्त किया गया है।
  • उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त निशांत बरबड़े को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग का सचिव बनाया गया है।
  • मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर में ओएसडी सह सचिव प्रबल सिपाहा को उच्च शिक्षा विभाग का आयुक्त बनाया गया है।
  • वहीं, मध्य प्रदेश वित्त निगम, इंदौर की प्रबंध संचालक राखी सहाय को लोक सेवा आयोग, इंदौर का सचिव बनाया गया है।

यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यशैली और गतिशीलता लाने के उद्देश्य से किया गया है।

IAS Transfer in MP 06 07 25

Breaking News