उज्जैन, अग्निपथ। माधव नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पार्श्वनाथ सिटी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने चोरी रोकने का प्रयास करने वाले एक नागरिक पर जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ RSS पदाधिकारी अर्जुन सिंह पर किया गया। बदमाशों ने उनके चेहरे और आंखों पर नुकीले हथियारों से वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश बेखौफ घूमते नजर आ रहे हैं।
सूने मकान को बनाया था निशाना, आवाज सुनकर जाग गए थे पड़ोसी
यह पूरी वारदात 18 फरवरी 2026 की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पार्श्वनाथ सिटी के ए-ब्लॉक में रहने वाले मनोहर सिंह आंजना के सूने मकान में 6 अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घुसे थे। सोसाइटी के रहवासी अभिलाष जैन ने बताया कि मकान मालिक उस समय बाहर गए हुए थे। बदमाशों द्वारा की जा रही खटपट की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी जाग गए थे, लेकिन डर के मारे कोई बाहर नहीं निकला।
RSS पदाधिकारी को जांबाजी पड़ी भारी: ललकारने पर बदमाशों ने किया खूनी वार
जब हलचल बढ़ने लगी, तो आरएसएस पदाधिकारी अर्जुन सिंह साहस दिखाते हुए घर से बाहर निकले और उन्होंने बदमाशों को ललकारा। खुद को घिरता देख भागने की फिराक में बदमाशों ने अर्जुन सिंह पर नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। बदमाशों ने जानबूझकर उनके चेहरे और आंखों को निशाना बनाया। हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल अर्जुन सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया। इंदौर में उनकी आंख का ऑपरेशन हुआ, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण अब उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई रेफर कर दिया गया है।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, सुरक्षा को लेकर एसपी से मिले रहवासी
घटना के 10 दिन बाद जब रहवासी सुरक्षा की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे, तब जाकर यह गंभीर मामला पूरी तरह सामने आया। पुलिस को जो सीसीटीवी फुटेज मिला है, उसमें बदमाश चोरी का सामान ले जाते और कॉलोनी में घूमते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर नागझिरी थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
शनिवार को कॉलोनी के रहवासियों ने एसपी प्रदीप शर्मा से मुलाकात की। रहवासियों ने कॉलोनी में बढ़ते अपराधों और सुरक्षा इंतजामों में कमी को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने मांग की है कि अर्जुन सिंह पर हमला करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें : एमपी में सरकारी नौकरी: वन और जेल विभाग में 1510 पदों पर सीधी भर्ती
