उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के महाकाल थाना क्षेत्र स्थित कालिदास उद्यान में हुई कबाड़ी राजा पिता चिमनलाल (45) की हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने गहन पूछताछ के लिए उनकी रिमांड मांगी, जिस पर कोर्ट ने दो दिन के लिए आरोपियों को पुलिस रिमांड पर सौंपा है। अब उन्हें 14 जुलाई को वापस न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह कालिदास उद्यान में राजा की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य अपराध के आरोप में पुलिस ने राजा के दो दोस्तों, अमन पिता अल्ताफ हुसैन (25) निवासी जूना सोमवारिया और अजीमुद्दीन पिता अब्दुल अजीज (19) को गिरफ्तार किया था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मात्र ₹2-3 हजार उधार रुपए लेने के विवाद में राजा की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस को इस बात पर पूरी तरह विश्वास नहीं हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे कोई और बड़ा कारण भी हो सकता है, जिसके लिए आरोपियों से विस्तृत पूछताछ आवश्यक है। इसी संदेह के चलते महाकाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग की थी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार करते हुए उन्हें 14 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब इन दो दिनों में हत्या के असली मकसद और घटना के अन्य पहलुओं को उजागर करने का प्रयास करेगी।