कल से सुबह 9 से 2 और शाम को 5 से 6 बजे तक खुलेगी ओपीडी

Ujjain District Hospital

जिला चिकित्सालय सहित स्वास्थ्य संस्थाओं का ड्यूटी समय फिर बदला

उज्जैन, अग्निपथ। प्रदेश शासन ने लोकहित को देखते हुए जिला चिकित्सालय सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं खुलने का समय में परिवर्तन के आदेश दिए थे। इसके एक दिन बाद ही उज्जैन सीएमएचओ डॉ. संजय शर्मा ने डॉक्टर्स और कर्मचारियों के कार्य के समय को परिवर्तित के आदेश सोशल मीडिया पर डाल दिए थे। अब डॉक्टर्स और कर्मचारी 21 सितम्बर से अपनी सेवाएं सुबह 9 से 2 के साथ साथ शाम को 5 से 6 बजे तक भी देंगे। अभी तक यह समय सुबह 9 से शाम 4 बजे तक ही निर्धारित था।

सीएमएचओ ने मंत्रालय के निकाले गए नए आदेश का पालन करते हुए जिला चिकित्सालय एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं के खुलने के निर्देश उज्जैन सिविल सर्जन सहित जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारी डॉक्टर्स को दिए हैं। अब बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) प्रात: 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक एवं सायं काल 5 से 6 बजे तक खुलेंगी और यही रोगियों के परीक्षण करने का समय निर्धारित किया गया है।

रोगियों का पंजीयन दोपहर 1.45 बजे तक किया जाएगा। इसी तरह अस्पताल मेंं भर्ती मरीजों का सुबह परीक्षण डॉक्टर्स सुबह 9.30 बजे से पूर्व करेंगे। जिन डॉक्टर्स के जिस दिन मरीज भर्ती नहीं होंगे उस दिन राउंड नहीं किया जाएगा तथा ऐसे सभी डॉक्टर्स प्रात: 9 बजे से अपने निर्धारित ओपीडी कक्ष में उपस्थित रहकर कार्य करेंगे।

इमरजेंसी सेवाएं खुली रहेंगी

सामान्य दिनों के साथ-साथ रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी। इमरजेंसी सेवाओं का संचालन इमरजेंसी कक्ष में ही किया जाएगा तथा उक्त दिवस में समस्त डॉक्टर 9 से 11 बजे तक अपने भर्ती मरीजों का वार्ड में राउंड लेंगे। दो दिवस का अवकाश निरंतर होने की स्थिति में दूसरे अवकाश के दिन ओपीडी प्रात: 9 से 11 बजे तक खुलेंगी।

इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। चिकित्सालय की इमरजेंसी ड्यूटी व्यवस्था तीन शिफ्ट में होगी। यदि सीनियर डॉक्टर्स उपलब्ध ना हो तो सीनियर पीजीएमओ को विशेष अधिकार दिया जाएगा। प्रात: 8 से 2 बजे तक इमरजेंसी ड्यूटी करने वाले डॉक्टर्स उसी दिवस शाम को ओपीडी ड्यूटी से तथा दोपहर 2 से 8 बजे तक ड्यूटी करने वाले डॉक्टर्स प्रात: ओपीडी ड्यूटी से मुक्त रहेंगे। प्राथमिक ड्यूटी के पश्चात डॉक्टर्स को अगले दिन केवल सुबह की ड्यूटी से आराम मिलेगा। शाम 5 से 6 बजे की ओपीडी में अपनी सेवाएं उनको देना पड़ेंगी।

इनका कहना है

मैं अभी भोपाल से मीटिंग से आ रहा हूं। 21 सितम्बर से उज्जैन की स्वास्थ्य संस्थाओं के खुलने का समय परिवर्तित हो जाएगा। -डॉ. संजय शर्मा, सीएमएचओ उज्जैन

Next Post

दर्शन के पश्चात लोगों को कॉरिडोर दिखाई दे- मुख्यमंत्री

Mon Sep 19 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा महाकालेश्वर कॉरिडोर का निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकालेश्वर कॉरिडोर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। उज्जैन दर्शन के लिये देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु यहां से उनके मन में भगवान महाकालेश्वर और मन्दिर के कॉरिडोर की अमिट छाप लेकर […]
मुख्यमंत्री mahkal corridor

Breaking News