कायथा थाने को मिला नया थाना प्रभारी: कमल सिंह मंडलोई संभालेंगे कमान

कायथा, (दिनेश शर्मा) अग्निपथ। कायथा थाना क्षेत्र को आखिरकार स्थायी थाना प्रभारी मिल गया है। जिला पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा द्वारा जारी नवीन आदेश के अनुसार, कमल सिंह मंडलोई को कायथा थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ किया गया है। लंबे समय से स्थायी नेतृत्व के अभाव में चल रहे थाने को नया प्रभारी मिलने से क्षेत्रवासियों में राहत और सुरक्षा की नई उम्मीद जागी है।

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा था। विशेषकर दिनदहाड़े हुई किसान लूटकांड, मोटरसाइकिल चोरी और किसानों के खेतों से मोटर पंप चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठ रहे थे। इसी स्थिति पर सख्त रुख अपनाते हुए एसपी ने तत्कालीन थाना प्रभारी राजकुमार मालवीय को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया था। इसके बाद से थाना कार्यवाहक प्रभारी के भरोसे संचालित हो रहा था, जिससे कई गंभीर मामलों की जांच की गति धीमी पड़ गई थी।

नवागत थाना प्रभारी कमल सिंह मंडलोई के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को पुनः पटरी पर लाना और लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा करना होगा। हाल ही में हुई सनसनीखेज लूट और लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली के सामने कड़ी चुनौती पेश की है। जनता का विश्वास बहाल करने के लिए इन मामलों का निराकरण प्राथमिकता रहेगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अब अपराधों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी, जिसके तहत गश्त बढ़ाने और मुखबिर तंत्र को अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया जाएगा।

अपराधों पर रोकथाम और लंबित प्रकरणों की तेजी से जांच के साथ आमजन के सहयोग से क्षेत्र में शांति और कानून का राज कायम करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। आम जनता और पुलिस के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। — कमल सिंह मंडलोई, नवागत थाना प्रभारी, कायथा

Breaking News