नशे के सौदागरों पर बड़नगर पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक: एक लाख की एमडी ड्रग के साथ आरोपी दबोचा

बड़नगर, अग्निपथ।  मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़नगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 36.58 ग्राम घातक एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग बरामद की गई है। जब्त की गई इस ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1,00,000 रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अब इस काले कारोबार के मुख्य सरगनाओं और खरीददारों की तलाश में जुटी है।

मुखबिर की सटीक सूचना पर यात्री प्रतीक्षालय के पास दबिश

थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 4 अप्रैल 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के मुताबिक, रुनिजा रोड स्थित ब्रिज के पास यात्री प्रतीक्षालय में एक संदिग्ध युवक किसी बड़े सौदे की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को अपनी ओर आता देख संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

नटराज टॉकिज के पीछे का निवासी है आरोपी शेरु हुसैन

पकड़े गए आरोपी की पहचान शेरु हुसैन पिता इफ्तकार हुसैन (उम्र 25 साल), निवासी नटराज टॉकिज के पीछे, बड़नगर के रूप में हुई है। जब पुलिस ने संदेही की जामा तलाशी ली, तो उसके लोअर की जेब से एक पारदर्शी पॉलीथिन बरामद हुई। पॉलीथिन के भीतर भूरे रंग का पाउडर था, जिससे तीक्ष्ण गंध आ रही थी। अनुभव के आधार पर पुलिस ने इसे अवैध मादक पदार्थ एमडी पाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह खेप रतलाम से लेकर आया था।

दो दिन का पुलिस रिमांड: खुलेंगे नशे के नेटवर्क के राज

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बड़नगर पर अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी शेरु हुसैन को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस को दो दिन का रिमांड प्राप्त हुआ है। पुलिस कस्टडी में आरोपी से ड्रग्स के स्रोत, स्थानीय खरीददारों और इस नेटवर्क में शामिल अन्य गुर्गों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही रतलाम और बड़नगर के बीच सक्रिय इस नशे की चेन के अन्य सदस्यों को भी बेनकाब किया जाएगा।

Next Post

उद्योगपुरी में पुरानी रंजिश को लेकर ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या

Sun Apr 5 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के ढांचाभवन समीप स्थित उद्योगपुरी में पुरानी रंजिश को लेकर एक बदमाश ने ई-रिक्शा चालक के सीने में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। विवाद के […]
चाकू

Breaking News