उज्जैन, अग्निपथ। चिंतामण थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़नगर रोड पर ग्राम रूनखेड़ी और मंगरोला के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बाइक सवार 55 वर्षीय व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने पुत्र के विवाह के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए बड़नगर गए थे। पिता की मृत्यु की खबर सुनते ही घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज रफ्तार कार ने ली जान
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालूराम पिता आत्माराम वाघेला (उम्र 55 वर्ष), निवासी कदछली नरवर, बड़नगर रोड से चिंतामण मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम रूनखेड़ी के समीप तेज गति और लापरवाही से चलायी जा रही ब्रेजा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और बुधवार सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पिता-पुत्र में था गहरा प्रेम, सदमे में बेटा
रिश्तेदारों ने बताया कि मृतक कालूराम और उनके बेटे अभिषेक के बीच बहुत गहरा लगाव था। दोनों पिता-पुत्र दोस्तों की तरह रहते थे और एक-दूसरे के बिना भोजन तक नहीं करते थे। अभिषेक की शादी को लेकर कालूराम बेहद उत्साहित थे और खुद कार्ड बांटने निकले थे। पिता की मौत से अभिषेक को गहरा आघात लगा है। वह रात भर से बिलख रहा है और एक ही बात कह रहा है कि “एक बार पिता से बात करा दो, पिता नहीं होंगे तो मैं शादी नहीं करूंगा।”
शादी के फैसले पर समाज करेगा निर्णय
अभिषेक की शादी की रस्में 23 फरवरी से माता पूजन के साथ शुरू होनी हैं। पांच दिन तक चलने वाली हल्दी-मेहंदी की रस्मों के बाद 28 फरवरी 2026 को विवाह संपन्न होना तय है। घर में शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी हैं; धर्मशाला, गार्डन, बैंड और ज्वेलरी के लिए एडवांस भुगतान भी किया जा चुका है। अब इस दुखद घड़ी में शादी उसी तिथि पर होगी या नहीं, इसका निर्णय समाज की पंचायत द्वारा लिया जाएगा। सामाजिक परंपरा के अनुसार लग्न आने के बाद निर्धारित तिथि पर ही विवाह किया जाता है, किंतु परिवार की स्थिति को देखते हुए पंचायत अंतिम फैसला लेगी।
