भैरवगढ़ जेल की सुरक्षा में सेंध: नाले में मिला मोबाइल और मंदिर के पास नकदी, कैदियों में मचा हड़कंप

bhairavgarh jail ujjain

उज्जैन, अग्निपथ। केंद्रीय भैरवगढ़ जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। जेल के भीतर कैदियों के पास प्रतिबंधित सामग्री मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। तलाशी अभियान के दौरान जेल परिसर से मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, बीड़ी और 7,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, जेल में सजा काट रहे तीन कैदियों ने मोबाइल फोन को बड़ी चालाकी से नाले के भीतर छिपाकर रखा था, जबकि नकदी जेल परिसर में स्थित मंदिर के पास से बरामद हुई।

जेल अधीक्षक मनोज साहू ने बताया कि पिछले कई दिनों से जेल के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग की सूचना मिल रही थी। इस पर निगरानी बढ़ाई गई और मुखबिर की सूचना पर गोदाम क्षेत्र में सघन तलाशी ली गई। यहाँ नाले को ढंकने के लिए लगे पत्थर के नीचे पॉलिथीन में लिपटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ।

जांच में सामने आया कि सजायाफ्ता कैदी कुंदन, अन्य कैदियों सुखविंदर और तुषार तक मोबाइल पहुँचाने का काम करता था। इन तीनों कैदियों के खिलाफ जेल मैनुअल के तहत विभागीय कार्रवाई की जा रही है, जिसके अंतर्गत उनकी एक साल की पैरोल रोकी जा सकती है और उन्हें अन्य जेलों में स्थानांतरित किया जा सकता है।

तराना में नशे का सौदागर दबोचा: 245 ग्राम अवैध गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार

तराना, अग्निपथ। तराना थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अग्रवाल वेयर हाउस के पास से एक नशे के सौदागर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 245 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 6,000 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति वेयरहाउस के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और मादक पदार्थ बेचने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदेह के आधार पर महबूब पिता याद अली को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास रखी थैली से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महबूब के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

00000

Next Post

विक्रम विश्वविद्यालय में छात्रा से छेड़छाड़ पर आक्रोश: छात्रों ने किया घेराव, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

Tue Apr 7 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। फॉरेंसिक विभाग की एक छात्रा के साथ परिसर में हुई छेड़छाड़ की घटना के बाद मंगलवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने एकत्रित होकर कुलसचिव कार्यालय का घेराव […]

Breaking News