मकड़ोन में खूनी संघर्ष: ‘007 ग्रुप’ के बदमाशों ने सब्जी व्यापारी की चाकू मारकर की हत्या, तनाव के बाद बाजार बंद

मकड़ोन, अग्निपथ। उज्जैन जिले के मकड़ोन थाना क्षेत्र में सोमवार रात आतंक का पर्याय बन चुके ‘007 ग्रुप’ के बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। तनोड़िया रोड स्थित ‘मेघदूत दोस्तों का ढाबा’ पर हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय लाखन सिंह, पिता जगदीश सिंह सोलंकी के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी व्यापारी था। इस सनसनीखेज हत्याकांड के विरोध में मंगलवार को परिजनों और समाज के लोगों ने मकड़ोन बाजार बंद कर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।

ढाबे पर विवाद के बाद हुआ खूनी हमला

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे की है। मृतक के भाई माखन और जीजा लालसिंह चौहान ने बताया कि लाखन बस स्टैंड पर सब्जी की दुकान चलाता था। सोमवार रात करीब 9 बजे वह घर पर खाना खा रहा था, तभी उसके दोस्त राकेश का फोन आया। राकेश ने बताया कि वह अपने साथियों मुकेश और रोहित के साथ मेघदूत ढाबे पर खाना लेने गया था, जहाँ पहले से पार्टी कर रहे ‘007 ग्रुप’ के लड़कों से उनका विवाद हो गया है।

दोस्त की पुकार पर लाखन बीच-बचाव करने ढाबे पर पहुँचा। वहाँ विवाद और बढ़ गया और शराब के नशे में धुत 007 ग्रुप के शंकर सिंह सोंधिया, मनोहर सिंह, दिलीप राणा और विजय सहित 5-7 अन्य बदमाशों ने हथियारों से हमला कर दिया। बदमाशों ने लाखन के पेट में बाईं ओर चाकू से गहरा वार किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। लहूलुहान लाखन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, तीन थानों का बल तैनात

मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो आक्रोश फूट पड़ा। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने मकड़ोन के मुख्य बाजार में शव रखकर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते विरोध स्वरूप पूरा बाजार बंद हो गया। स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए प्रशासन ने मोर्चा संभाला और तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

क्षेत्र में ‘007 ग्रुप’ का खौफ

स्थानीय निवासियों और मृतक के मित्रों ने आरोप लगाया कि मकड़ोन क्षेत्र में ‘007 ग्रुप’ का भारी आतंक है। यह गैंग न केवल धरातल पर बल्कि सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है और आए दिन किसी न किसी के साथ मारपीट और धमकाने की वारदातों को अंजाम देता है। सोमवार रात भी ये बदमाश ढाबे पर शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल अभी भी तैनात है।

Breaking News