मक्सी के झोंकर में महिला की संदिग्ध मौत; हत्या या आत्महत्या? मायके पक्ष ने उठाए गंभीर सवाल

मक्सी, अग्निपथ। मक्सी थाना क्षेत्र के ग्राम झोंकर में गुरुवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका शबीना बी का शव मिलने के बाद मायके पक्ष ने इसे साधारण आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। 18 वर्ष पूर्व देवास जिले के नेवरी से झोंकर निवासी कलीम खान के साथ ब्याही गई शबीना के परिजनों का आरोप है कि उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था।

सुसाइड नोट पर गहराया विवाद: लिखावट पर उठे सवाल

घटना के बाद पति द्वारा पुलिस को एक सुसाइड नोट सौंपा गया है, जिसमें शबीना द्वारा स्वेच्छा से जीवन लीला समाप्त करने की बात कही गई है। हालांकि, मृतका के भाइयों ने इस नोट को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि यह उनकी बहन की लिखावट ही नहीं है। परिजनों का आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए फर्जी सुसाइड नोट तैयार किया गया है। घर के भीतर बिखरी टूटी हुई चूड़ियां और छत पर मिला शव किसी बड़े संघर्ष की ओर इशारा कर रहे हैं।

आत्मनिर्भर पत्नी और बेरोजगार पति के बीच तनाव की कहानी

परिजनों के अनुसार, शबीना ही पूरे घर की रीढ़ थी। वह सिलाई, छोटी दुकान और ट्यूशन पढ़ाकर अपने दो बेटों और एक बेटी का पालन-पोषण कर रही थी, जबकि पति के पास कोई स्थायी रोजगार नहीं था। भाई मोहम्मद शादाब खान ने बताया कि दो दिन पहले भी शबीना ने संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं हो सकी। क्या आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह इस मौत की वजह बनी या इसके पीछे कोई और खौफनाक सच छिपा है, यह अब जांच का विषय है।

पुलिस का पक्ष: पोस्टमार्टम और सुसाइड नोट की होगी जांच

मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे ससुराल पक्ष को सौंप दिया गया है। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लिखा है— “मैं स्वेच्छा से आत्महत्या कर रही हूं और अपने घर जा रही हूं।” थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद से मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जाएगी। सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

"गणेश जी, हमारी मां सीवन को बचा लो": नन्हे हाथों ने बप्पा को सौंपी अर्जी, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नदी के लिए लगाई गुहार

Thu Apr 2 , 2026
सीहोर, अग्निपथ। जब व्यवस्थाएं मौन हो जाएं और शासन-प्रशासन के वादे कागजों तक सीमित रह जाएं, तो आस्था ही अंतिम सहारा बचती है। कुछ ऐसा ही भावुक कर देने वाला नजारा बुधवार को श्री चिंतामन सिद्ध गणेश मंदिर में देखने को मिला। यहाँ किसी बड़े राजनेता या समाजसेवी ने नहीं, […]

Breaking News