उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए उज्जैन पुलिस द्वारा जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत बीडीडीएस टीम, उज्जैन क्राइम टीम तथा स्थानीय थाना पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से महाकालेश्वर मंदिर के आसपास के क्षेत्र, देवासगेट बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, नानाखेड़ा बस स्टैंड तथा पारदी डेरों सहित संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन तलाशी ली गई।
इस कार्यवाही के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई तथा क्षेत्र में स्थित दुकानों, होटलों, ढाबों एवं सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा की दृष्टि से जांच की गई। बीडीडीएस टीम द्वारा संदिग्ध वस्तुओं की विशेष जांच कर विस्फोटक अथवा आपत्तिजनक सामग्री की संभावना को पूर्णतः नकारा गया। संयुक्त कार्यवाही के दौरान कुल 40 संदिग्ध व्यक्तियों को मौके से हिरासत में लिया गया है, जिन्हें आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन हेतु संबंधित थानों के सुपुर्द किया गया है।
