थाने जाकर कांग्रेसियों ने की जिद: केस दर्ज किया है तो हमें गिरफ्तार भी करो

सामूहिक गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना परिसर में दिया धरना

जावरा, अग्निपथ। आंबा से दौलतपुरा तक की सडक़ के निर्माण की धीमी रफ्तार को लेकर ग्रामीणों के आंदोलन में राजनीति के शामिल होने के चलते ग्रामीणों पर केस दर्ज करने के विरोध में दौलतपुरा के ग्रामीणों ने रैली निकालकर पिपलौदा थाना परिसर में धरना दिया। ग्रामीण मामले में दर्ज केस में खुद की सामूहिक गिरफ्तारी लिए जाने की मांग कर रहे थे।

दौलतपुरा के ग्रामीणों ने रतलाम जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष वीरेन्द्रसिंह सोलंकी, प्रदेश कांग्रेस महासचिव निजाम काजी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष महेश नांदेचा तथा हरिनारायण अरोड़ा के साथ नगर के झाला चौराहे से पुलिस थाना तक रैली निकाली तथा पुलिस से सामूहिक गिरफ्तारी का आग्रह करते हुए थाना परिसर में धरना दिया। शनिवार को दोपहर 12 बजे निकाली रैली में 150 महिलाओं ने काली साड़ी में शामिल होकर पुलिस द्वारा राजनीतिक दबाव में ग्रामीणों पर केस करने का विरोध किया।

पुलिस अधिकारी बोले गिरफ्तारी का नहीं नोटिस देने का अधिकार

अपनी गिरफ्तारी की मांग पड़े अड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को थाना प्रभारी दीपक मंडलोई तथा व्यवस्था संभालने आए जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी जनकसिंह रावत ने गिरफ्तारी में असमर्थता जताई। दोनों थाना प्रभारियों आंदोलनकारियों को समझाया कि इस प्रकरण में उन्हें सिर्फ सूचनापत्र (नोटिस) देने का अधिकार है, इसलिए गिरफ्तारी की मांग छोड़ दें।

भाजपाइयों पर भी केस दर्ज हो- कांग्रेस

इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता इस बात पर अड़ गए कि कांग्रेस के लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है, तो भाजपा कार्यकर्ताओ पर भी मुकदमा दर्ज किया जाए। पुलिस तथा कांग्रेस नेताओं के बीच लंबी बहस के बाद अनुविभागीय पुलिस अधिकारी(एसडीओपी) पहुंचे तथा कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन लेकर आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी। यदि भाजपा नेताओं ने नियमों का उल्लंघन किया है तो उन पर भी प्रकरण दर्ज किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने 5 जुलाई तक का समय देते हुए कहा कि यदि एकतरफा कार्यवाही की गई तो भारतीय जनता पार्टी के सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा प्रभारी मंत्री ओपीएस भदौरिया के कार्यक्रम के दौरान जिलेभर में काले झंडे दिखाए जाएंगे।

इसलिए विवाद

जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत आम्बा में दौलतपुरा से आम्बा तक की सडक़ का निर्माण 10 माह से चल रहा है। इसमें भ्रष्टचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष वीरेन्द्रसिंह सोलंकी के नेतृत्व में 29 जून को नगर में भ्रष्टाचार की शवयात्रा निकाल कर जनपद पंचायत परिसर में रामधुन के साथ पुतला दहन किया था।

इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष राजेन्द्रसिंह गुडरखेड़ा के नेतृत्व में तहसीलदार तथा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंप कर धारा 144 के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग की थी। तहसीलदार किरण बरवड़े ने थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को प्रतिवेदन भेज कर धारा 188 में प्रकरण दर्ज करवाया था।

प्रकरण दर्ज किए जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे भारतीय जनता पार्टी के दबाव में की गई कार्यवाही कहते हुए ग्राम दौलतपुरा के ग्रामीणों के साथ सामूहिक गिरफ्तारी दिए जाने की घोषणा की थी। जिस पर अमल करने कांग्रेसी व ग्रामीण शनिवार को रैली के रूप में थाने पहुंचे थे।

Next Post

झरने में डूबने से पचमढ़ी में नलखेड़ा के युवक की मौत

Sun Jul 4 , 2021
पैर फिसलने से चला गया था गहरे पानी में नलखेड़ा। परिवार के साथ पचमढ़ी घूमने गए नगर के एक युवक की रविवार दोपहर झरने में नहाते समय गहरे पानी में जाने से मौत हो गई। सोमवार को उसका अंतिम संस्कार इंदौर में किया जाएगा। मृतक अथर्व सर्वेकर (17) नगर के […]