ठाट-बाट से निकली सावन में महाकाल की अंतिम सवारी

उज्जैन, अग्निपथ। सावन के अंतिम सोमवार को भगवान महाकाल की सवारी भव्य रूप से नगर भ्रमण पर निकली। मंदिर से बाहर निकलने पर पालकी को ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मियों शासकीय कर्मचारियों की भारी भीड़ ने घेर लिया। धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिसकर्मियों, शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों की भीड़ ही इतना अधिक थी, जोकि कोरोना संक्रमण फैलाने के लिए पर्याप्त थी। ऐसे में श्रद्धालुओं को सवारी देखने से जिला प्रशासन ने आखिरकार क्यों रोक रखा है। प्रशासन द्वारा इतनी सख्ती करने के बावजूद मंदिर के अंदर भीड़ आखिर कहां से आ गई।

सभामंडप में कोटतीर्थ कुण्ड के पवित्र जल से अभिषेक एवं पूजन के उपरान्त भगवान चंद्रमौलेश्वर की पालकी नगर भ्रमण पर निकली। सभामण्डप में मंदिर के मुख्य पुजारी पं. घनश्याम शर्मा द्वारा भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर का षोडशोपचार पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात कलेक्टर आशीष सिंह, एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ल ने भगवान का पूजन किया।

इस दौरान महंत विनीत गिरी, मंदिर समिति की सहायक प्रशासक सुश्री पूर्णिमा सिंघी, मूलचंद जूनवाल, प्रतीक द्विवेदी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी आरके तिवारी आदि उपस्थित थे। पूजन के दौरान सभा मंडप भगवान श्री महाकाल के जयकारों व झांझ मंजिरों की ध्वनि से गुंजित हो उठा व बाबा के जयकारों के साथ पालकी में विराजित श्री चंद्रमौलेश्वर को नगर भ्रमण की ओर रवाना किया गया।

पालकी के साथ निकली भारी भीड़

जिला प्रशासन ने हर बार की तरह इस बार की सवारी में आम लोगों का प्रवेश बंद कर रखा था। सभा मंडप में केवल पंडे पुजारी, पुलिसकर्मी, शासकीय कर्मचारी अधिकारी और कहार ही दिखाई दे रहे थे। लेकिन जैसे ही सवारी पालकी द्वार से बाहर निकली। पालकी को चारों ओर से भीड़ ने घेर लिया। यह भीड़ पालकी के साथ-साथ होते हुए मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंच गई। सवारी में श्री चंद्रमौलेश्वर पालकी में व श्री मनमहेश हाथी पर सवार होकर अपनी प्रजा का हॉल जानने नगर भ्रमण पर निकले। पालकी आधे घंटे में रामघाट पहुंच गई थी। यहां पर पुजारी आशीष गुरु ने शिप्रा के जल से भगवान महाकाल का अभिषेक किया।

हरसिद्धि मंदिर पर हुआ जोरदार स्वागत

सावन माह का आखिरी सोमवार होने के कारण हरसिद्धि मंदिर पर सवारी के आते ही जोरदार आतिशबाजी के साथ रंगबिरंगी पन्नियों की बारिश कर स्वागत किया गया। यहां पर भव्य रंगोली सजाई गई थी, जिसपर आपका स्वागत है, लिखा हुआ था। यहां पर पालकी जैसे ही पहुंची तो आतिशबाजी के साथ-साथ रंगीन धुआं कर भगवान का स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्रभारी मंत्री ने किया नगर निगम कर्मचारियों का सम्मान

Mon Aug 16 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम उज्जैन के दो कर्मचारियों का गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सम्मान किया गया है। राजस्व एवं अन्यकर विभाग के प्रमुख जयसिंह राजपूत और जोन क्रमांक 4 में अतिक्रमण गैंग के प्रभारी योगेश गोंडाले को प्रभारी मंत्री ने उम्कृष्ट सेवाओं के […]

Breaking News