उज्जैन, अग्निपथ । गणेश जीनिंग फैक्ट्री की जमीन पर आज प्रशासन ने कब्जा ले लिया। 15 बीघा जमीन का मामला है। इस जमीन पर वर्षों से रहवासी व व्यापारिक संस्थान स्थापित हैं। प्रशासन ने अपना बोर्ड लगाकर साफ लफ्जों में सभी को चेतावनी दी। अब जमीन पर कब्जा है हमारा… जगह छोडऩे के लिए 3 दिन का समय तुम्हारा।
तहसीलदार नगर अभिषेक शर्मा, नजूल तहसीलदार पूर्णिमा सिंगी और दोनों पटवारी मनोज तिवारी और धीरज निगम ने आज गुरुवार को मौके पर जाकर कब्जा लिया। यह वही जमीन है। जिसको लेकर अष्टम न्यायालय ने शासन के हक में फैसला दिया है। 1736 सर्वे नं. रकबा 3.083 है। जो कि 3 हेक्टयर, लगभग 15 बीघा है। यह जमीन उत्तर विधायक पारस जैन के निवास से थोड़ी आगे है। इसके अंदर पाइप बनाने वाली फैक्ट्री, वारदान के गोडाउन और बाहर की तरफ रहवासी इलाका है।
बुलडोजर चलाया …

कब्जा लेने पहुंचे दोनों तहसीलदारों और निगम के सुबोध जैन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी। जो मकान खंडहर पड़े थे। उन पर बुलडोजर चलवा दिया। जिससे रहवासियों- फैक्ट्री व गोडाउन वालों में हडक़ंप मच गया। सभी चेहरे पर चिंता थी। अब क्या होगा। मिलकर गुहार लगाई। हमारी गलती क्या है। हम तो किराया भी देते है।
7 दिन का समय …
प्रशासन के इस सख्त कदम से हडक़ंप तो मचना ही था। सबको यही डर था कि … प्रशासन अभी हाल घरों- फैक्ट्री- गोडाउन पर बुलडोजर चलाने वाला है। लेकिन प्रशासन ने संवेदना दिखाई। सभी को 3 दिन का समय मौखिक दिया गया। जमीन अब शासन की है और अब इसको खाली करना है। रहवासियों और व्यापारियों ने लिखित में 7 दिन का समय प्रशासन से मांगा। जगह खाली करने के लिए। अब देखना यह है कि प्रशासन सोमवार को क्या कार्रवाई करता है।

