इंदौर, अग्निपथ। इंदौर के फर्स्ट बटालियन में रहने वाले पुलिसकर्मी पवन कुमार शर्मा से शेयर मार्केट और फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 8 लाख रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मेटा ट्रेडर ऐप के जरिए विदेशी कंपनियों के शेयर में निवेश कराया और शुरुआत में अच्छा मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता। लसूड़िया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोनम परदेशी और दिनेश शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासी बताकर जाल में फंसाया
पुलिस के अनुसार, पवन कुमार शर्मा को एक युवती ने कॉल कर अपना नाम सोनम परदेशी बताया और खुद को स्कीम नंबर 136 का निवासी बताया। उसने शेयर ट्रेडिंग के जरिए प्रतिदिन 10 से 20 प्रतिशत मुनाफे का दावा किया। 23 दिसंबर 2023 को पहली किस्त के रूप में पत्नी के खाते से 5 हजार रुपए और फिर चचेरे भाई के खाते से 35 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
उधार और चेक के जरिए रकम वसूली
इसके बाद दिनेश शर्मा से संपर्क कराकर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के लिए प्रेरित किया गया। पवन ने रिश्तेदारों से उधार लेकर 2 लाख रुपए नकद तथा 5 लाख और 4 लाख 40 हजार रुपए के चेक दिए। भरोसा बढ़ाने के लिए आरोपियों ने 70 हजार रुपए वापस भी किए और ऐप पर 10 लाख 90 हजार रुपए से अधिक का मुनाफा दिखाया। अधिक निवेश से इनकार करने पर मुनाफा दिखना बंद हो गया और आरोपियों ने फोन उठाना छोड़ दिया।
