आइल चोर गिरोह सक्रिय: 30 ट्रांसफार्मर से आइल चुराया

Transformer

गजनीखेड़ी की एक ही डीपी से 10 दिन में दो बार चोरी

रुनिजा (बडऩगर), अग्निपथ। क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मर से तेल (ऑइल) चुराने वाला गिरोह सक्रिय है। बीते कुछ दिनों में ही 30 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर से बदमाश हजारों रुपये का ऑइल चोरी कर ले गए हैं। हालात यह है कि गजनीखेड़ी में एक ट्रांसफॉर्मर से 10 दिन में दो बार बदमाश तेल चुरा ले गए। बिजली कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है लेकिन चोर हाथ नहीं लग पाए हैं।

रूनिजा व आसपास के गांवो में विभिन्न स्थानों पर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर (डीपी) में से आइल चोरी की घटना ने ग्रामीणों की दिक्कतें भी बढ़ा दी हैं। वजह ऑइल कम होने से ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचने से बिजली सप्लाय पर इसका असर पड़ रहा है। रुनीजा विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ यंत्री नवीन शर्मा ने बताया कि रुनिजा क्षेत्र में आइल चोर काफी दिनों से सक्रिय हैं। 10 दिन पूर्व गजनी खेड़ी के एक ट्रांसफार्मर से आइल चोरी हो गया था। घटना के बाद उस ट्रांसफॉर्मर में डाला ऑइल चोर बुधवार रात को फिर चुरा ले गए। शर्मा ने बताया कि अभी तक 30 ट्रांसफार्मरो में से हजारों रुपए का आइल चोरो ने चोरी कर लिया है। पुलिस कार्यवाही के बारे बताया कि भाटपचलाना थाना में आवेदन दिए गए है किन्तु अभी तक पुलिस को भी सफलता नही मिल पायी है।

बिजली बंद होने का फायदा उठाते है बदमाश

बिजली कंपनी के इंजीनियर शर्मा ने बताया कि बदमाश लाइट बंद होने व क्षेत्र सुनसान होने का फायदा उठा रहे है। हमारी टीम रात दिन इस गिरोह पर निगरानी रखने का प्रयास कर रही हैं। परंतु सफलता नहीं मिल पा रही है। उन्होंने किसानों को भी अपने क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मरों की निगरानी करना चाहिए ताकि ट्रांसफर से आइल चोरी न हो व चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा जा सके।

ट्रांसफार्मर में कितना होता है तेल

विद्युत ट्रांसफार्मर गर्म होकर खराब न हो, इसके लिए विशेष तेल का प्रयोग किया जाता है। मानक के अनुसार 10 से 16 केवीए के ट्रांसफार्मर के लिए कम से कम 25 लीटर और 25 केवीए के ट्रांसफार्मर के लिए 40 लीटर व 400 केवीए के ट्रांसफार्मर के लिए 340 लीटर तेल की जरूरत होती है। जानकार बताते हैं कि मानक के अनुसार हर महीने परीक्षण कर तेल की मात्रा को नापा जाना चाहिए। गर्मी के दिनों में, तो कम तेल होने पर ट्रांसफार्मर के जलने व फटने की संभावना बढ़ जाती है।

इसलिए चुराते हैं ऑइल

जानकार बताते हैं कि बिजली ट्रांसफॉर्मर में हाईवोल्टेज करंट गुजरने से गर्म हुआ तेल कई बीमारियों के इलाज में काम आता है। इसलिए बदमाश इनकी चोरी करते हैं। बताया जाता है कि इस तेल का इस्तेमाल जोड़ों के दर्द व गंजेपन के इलाज में किया जाता है।

पुलिस बल की कमी-गश्त बढ़ाई जायेगी

भाटपचलाना थाना क्षेत्र में पुलिस बल कम होने के कारण पर्याप्त रात्रि गस्त नहीं हो पा रही है। जिससे क्षेत्र में आए दिन चोर गिरोह स्वतंत्र होकर जंगलों से आइल चुरा रहा है। समय रहते यदि पुलिस बल नही बढ़ाया गया व चोर गिरोह को नहीं पकड़ा गया तो ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं होगी। जिसके कारण किसान समय पर रबी की फसल की सिंचाई नहीं कर पाएंगे। इस संदर्भ में भाटपचलाना थाना प्रभारी संजय वर्मा से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि पूर्व में आइल चोरों को पकड़ा था। अब फिर यह गिरोह सक्रिय हो गया है। पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही क्षेत्र के नागरिकों से भी अपील है कि यदि कोई अनजान लोग क्षेत्र में दिखे तो पुलिस को सूचित करें एव स्वयं भी अपने खेतों पर लगे ट्रांसफार्मरों की निगरानी करें। ताकि आईल चोरों को पकड़ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

विधायक ने सुनारिया से तनोडिय़ा तक निकाली किसान आक्रोश पदयात्रा

Thu Oct 28 , 2021
किसानों की समस्या हल करने को लेकर उठाई आवाज सुसनेर, अग्निपथ। किसानों की विभिन्न समस्याओं के हल के लिए आगर विधायक विपिन वानखेड़े मैदान में हैं। वे क्षेत्र में किसानों को लेकर अलग-अलग स्थानों पर किसान आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। पिछले साल की खरीफ फसल का मुआवजा अभी तक […]

Breaking News