भाजपा जिलाध्यक्ष की कार्रवाई के खिलाफ वरिष्ठ पदाधिकारियों को लिखा पत्र
झाबुआ, अग्निपथ। जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह नायक के खिलाफ विरोध के स्वर थमने का नाम नहीं ले रहे है। हाल ही में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नायक ने भाजपा की महिला मोर्चा की जिला मंत्री एवं सक्रिय महिला कार्यकर्ता रही सायरा खान को पार्टी विरोधी गतिविधियों और कार्यों के चलते 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया है। अब इस मामले में सायरा खान की ओर से भी भाजपा जिलाध्यक्ष नायक से सवाल किया गया है कि उन्होंने कौन सी पार्टी विरोधी गतिविधियां या कार्य किया, जिसके चलते भाजपा जिलाध्यक्ष ने उन्हें पार्टी से निष्कासित किया है? श्रीमती खान ने इसे भाजपा जिलाध्यक्ष का दोहरा रवैया और मनमाना तथा तानाशाही पूर्ण रवैया बताया है।
सायरा खान ने एक प्रेस नोट के माध्यम से बताया कि उन्होंने पिछले दिनों स्थानीय डीआरपी लाइन स्थित अंबेडकर पार्क पर पत्रकारवार्ता कर समस्त महिलाओं और युवा कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह नायक पर पार्टी में महिलाओं के साथ भेदभाव और उपेक्षा करने का आरोप लगाया था। साथ ही कहा था कि लक्ष्मणसिंह नायक पार्टी में ऐसे पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं तथा महिलाओं को तवज्जों देते हैं, जो या तो वीआईपी कार्यक्रमों में अपनी झांकी जमाने के लिए आते हैं या उनके चटर गुल्ले बनकर कार्य करते हैं। उनका यह आरोप जायज था।
इस दौरान श्रीमती खान ने साफ तौर पर मीडिया को संबोधित करते हुए यह कहा था कि उनका पार्टी को लेकर कोई विरोध या नाराजगी नहीं है। संगठन उनके लिए सर्वोपरि है और संगठन जब-जब उन्हें किसी भी कार्यक्रम या आयोजन के लिए आमंत्रित करेगा, तो वह अपनी पूरी महिला टीम के साथ उत्साहपूर्वक उसमें भाग लेकर पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगी।
निजी तौर पर भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ था बयान, पार्टी विरूद्ध नहीं
श्रीमती खान ने आगे कहा कि उनका यह बयान केवल निजी तौर पर भाजपा जिलाध्यक्ष पर था, ना कि भाजपा पार्टी के खिलाफ। ऐसे में भाजपा जिला अध्यक्ष नायक द्वारा मनमाने तरीके से उनका निलंबन करना, उनकी तानाशाही और एक बार फिर भेदभाव पूर्ण रवैये को उजागर करता है। सायरा खान के अनुसार इसी तरह की पत्रकार वार्ता पिछले दिनों जिले के थांदला में भी भाजपा अजजा मोर्चा से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने कर इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पर वहां पर भी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का सीधे तौर पर आरोप लगाया गया।
साथ ही इस मामले में प्रदेश संगठन से संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई हेतु भी अनुरोध किया गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष ने ऐसे में थांदला में भी पत्रकारवार्ता करने वाले ऐसे भाजपा अजजा मोर्चा से जुड़े पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं पर निष्कासित की कार्रवाई क्यों नहीं की? क्योंकि उन्हें पता है कि यदि वह यहां पर भी निष्कासन की कार्रवाई करते हैं, तो संपूर्ण जिले में भाजपाइयों में उनके खिलाफ विरोध के स्वर लगातार मुखर होने लगेंगे। जो अभी तक किसी कारणवश दबे-छुपे हुए हैं।
प्रदेश स्तर पर इस मामले से करवाया अवगत
श्रीमती खान ने आगे बताया कि उनके द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष नायक की दोहरी कार्यप्रणाली से प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, वरिष्ठ भाजपा प्रादेशिक पदाधिकारी हरिनारायण यादव आदि को भी फेक्स के माध्यम से पत्र भेजकर और उनकी पत्रकारवार्ता के समस्त ली गई वीडियो और समाचार पत्रों की कटिंग भेजकर अवगत करवाया है कि उनके द्वारा भाजपा पार्टी के विरुद्ध कोई भी गतिविधियां या कार्यक्रम नहीं किया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नायक ने उन्हें भेदभाव पूर्ण तरीके से और तानाशाही रवैया अपनाते हुए बिना भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के अन्य पदाधिकारियों से अनुमोदन और स्वीकृति लिए पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया है, जो नियम विरुद्ध होने के साथ ही सरासर गलत भी है। सायरा खान ने साफ तौर पर कहा कि वह अपने खिलाफ हुए अन्याय के लिए लगातार लड़ाई लड़ती रहेंगी। साथ ही भाजपा के प्रति सदैव समर्पित रहकर समर्पण भावना से पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करती रहेंगी।