शिरीन खुद हो गई ठगी का शिकार, पति ने किया सोना, पैसा और संपत्ति पर कब्जा

  • आईजी, एसपी, कलेक्टर को की शिकायत-जिस पति को सबकुछ सौंपा वो न जेल मिलने आया न जमानत कराई

  • जमानत पर बाहर आई तब तक सबकुछ छीन गया

उज्जैन, अग्निपथ। सितंबर 2021 में पुलिस हिरासत में ली गई शिरीन हुसैन खुद ठगी का शिकार हो गई। शिरीन के पति ने शिरीन के जेल जाते ही घर का पैसा, सोना, संपत्ति पर कब्जा जमा लिया। पति न शिरीन से जेल मिलने पहुंचा और न ही उसकी जमानत कराई। शिरीन के माता-पिता ने उसकी जमानत कराई और उसे इंदौर अपने घर लेकर गए, बीमार शिरीन को जब पता चला कि उसके पति ने ही उसके साथ धोखाधड़ी की तो उज्जैन पहुंचकर आईजी, एसपी तथा कलेक्टर को शिकायत की।
शिरीन उर्फ शबाना हुसैनी निवासी नागझिरी ने बताया कि नागझिरी थाने की पुलिस जब उसे गिरफ्तार करके ले जा रही थी तब पति अब्दुल अनाम शेख को घर की चाबी एवं पर्स जिसमें डेढ़ लाख रूपये थे सौंपा था, इसके अलावा जो सोना और पैसे घर में थे वह भी उसके सुपुर्द करके चली गई थी। लेकिन अनाम न जेल में मिलने आया न जमानत कराई। माता पिता ने जमानत कराई। तबीयत खराब होने की वजह से माता पिता इंदौर ले गए। शिरीन जब ठीक हुई और अनाम से संपर्क किया तो उसने पैसा, सोना सबकुछ वापस देने से स्पष्ट मना कर दिया। शिरीन ने बताया कि जेल जाने के बाद अनाम ने उसकी बहन और बेटी से पैसों की मांग भी की तथा माता-पिता को भी धमकाया। अब अनाम मेरे मायके की संपत्ति, उज्जैन के मकान और प्लाट बेच रहा है।

7 महीने में ही 80 लाख छीने

शिरीन ने आईजी को की शिकायत में बताया कि अनाम कई बार मेरी अनुमति के बिना मेरे पर्स से पैसे व तिजोरी से गहने लेकर अपनी गर्लफ्रेंड और अपने परिवारवालों पर खर्चा करता था। मना करने पर गाली गलौच कर हाथापाई करता था। शादी के 7 महीनों में जान से मारने की धमकी देकर 80 लाख रूपये छीन चुका है। 12 लाख रूपये चैक और पुश्तैनी गहनों से भरा डब्बा लेकर अपने माता-पिता के घर रख लिया।

एसपी से राष्ट्रपति तक को की शिकायत

शिरीन ने खुद के साथ पति अब्दुल अनाम शेख निवासी फेमस रेडियो लाल मस्जिद एटलस चौराहा मैली गली द्वारा की गई धोखाधड़ी की शिकायत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री भारत सरकार, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री मध्यप्रदेश सरकार, पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के साथ उज्जैन आईजी, कलेक्टर तथा एसपी को की है।

दोस्ती का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसाया, शादी की लेकिन साथ नहीं रहा

शिरीन ने बताया कि अनाम से काम के सिलसिले में पहचान 2018 में हुई, इसके बाद अनाम ने दोस्ती का प्रस्ताव रखा, शिरीन द्वारा मना करने पर खुद की जान लेने की धमकी देकर दोस्ती की और बताया कि मेरी पत्नी मुझे छोडक़र जा चुकी है। दोस्ती होने के बाद अनाम ने एक फ्लेट का पेमेंट मोहब्बत का वास्ता देकर ले लिया, काफी समय बाद भी जब पैसे नहीं दिये तो पैसे लेने शिरीन अनाम के घर गई वहां पता चला की अनाम की बीबी है और उसके चार बच्चे भी हैं।

धोखे का पता चलते ही शिरीन उज्जैन छोडक़र इंदौर रहने चली गई। वहां भी अनाम उसके पीछे पहुंच गया। 29 जनवरी 2021 को मारने की धमकी दी, इसकी शिकायत करने जब अनाम के माता-पिता के पास गई तो अनाम और उसके चार भाईयों ने मारपीट की और मेरा पैसा नहीं देने की बात कही। मामले की शिकायत एसपी शुक्ला से की।

उन्होंने महिला थाना की टाउन इंस्पेक्टर से बात कर केस दर्ज करने को कहा। सभी की समझाईश के बाद 29 जनवरी को ही काजी साहब के जरिये निकाह हुआ। लेकिन शादी के बाद से ही अनाम शिरीन की कमाई खाने लगा और अपने परिवार के साथ रखने से भी मना किया। अनाम केवल दो घंटे के लिए घर आता था और हर बार छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा करता था। जबरदस्ती संबंध बनाता था, क्रूरता से पेश आता और कहता कि तू आत्महत्या कर ले या मैं तुझे मार दूंगा।

मेरे माता-पिता की संपत्ति में से हिस्सा मांगता। मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता। शिरीन ने बताया कि कई बार खाने में अनाम को कुछ मिलाते हुए देखा। जिससे उसकी तबीयत खराब रहने लगी। ऐसा लगता कि खाने में स्लो पाइजन देता था, कई बार मेरे घर पर अनाम की गर्लफ्रेंड गाली गलौच करके गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बुकिंग की राशि नहीं लौटाना होटल संचालक को पड़ा भारी

Sat Jan 15 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। शादी के लिये बुक कराई होटल की एडवांस राशि वापस नहीं लौटाने पर संचालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया। कोरोना काल के चलते शादी निरस्त हो गई थी। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि अलखनंदानगर में रहने वाले प्रभात किशोर शर्मा ने 10 दिसंबर 2020 को […]
उज्जैन पुलिस फाइल

Breaking News