महिदपुर में हुआ कोरोना विस्फोट

उप जेल के 4 स्टाफ व 1 केदी सहित कुल 22 पॉजिटिव निकले

महिदपुर,अग्निपथ। कोरोना महामारी की तीसरी लहर महिदपुर में निरंतर रफ्तार पकड़ रही है। जिम्मेदारों की अनदेखी व आम जनता की लापरवाही के कारण ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में शुक्रवार को कोरोना महामारी ने विस्फोटक रूप धारण कर लिया। शुक्रवार रात्रि को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी उज्जैन द्वारा जारी कोरोना हेल्थ बुलेटिन में महिदपुर ब्लॉक में 22 मरीजों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के उप जेल परिसर में एक साथ 5 मरीज कोरोना पॉजीटिव आने से प्रशासन के सामने नई चिंताएं खड़ी हो गई। इन पांच में से 4 स्टाफ व 1 कैदी पॉजीटिव पाया गया। कैदी को अलग बैरक में आइसोलेट किया गया, वहीं सभी पॉजीटिव मरीजों को होम आइसोलेशन पर रखा गया है।

शासकीय चिकित्सक डॉक्टर शकील नागौरी ने बताया कि शुक्रवार को जारी बुलेटिन अनुसार नगर के उप जेल परिसर में 5, केसरपुरा में 3, अयोध्या बस्ती एक, नागौरी बाजार दो, फकीर मोहल्ला एक, सोगानी कॉलोनी एक सहित ग्रामीण क्षेत्रों में महुडी पुरा, महिदपुर रोड, झारडा, महू, आजमाबाद, खजूरिया मंसूर, डाबला वेणी में 1-1 कोरोना के मामले सामने आए हैं। डॉ. नागौरी ने बताया कि अभी तक ब्लाक में कुल 123 पॉजीटिव केस निकले, जिसमें से 50 रिकवर हो गए। वर्तमान में ब्लॉक में कुल 74 कोरोना के एक्टिव केस हैं।

बगैर मास्क घूमने वाले 20 पर किया जुर्माना

वहीं दूसरी ओर नगर पालिका व पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में शनिवार को बगैर मास्क के घूमने वाले 20 व्यक्तियों पर चालानी कार्यवाही करते हुए 1400 रूपये का जुर्माना वसूला गया। नगर व क्षेत्र में कोरोना के बढ़ते मामलों के बावजूद जिम्मेदारों की उदासीनता से नगर में लापरवाही के अनेक मामले दिखाई दे रहे हैं। मुख्य बाजारों के साथ-साथ शासकीय कार्यालयों में भी मास्क का उपयोग बहुत कम दिखाई दे रहा है, साथ ही चारों ओर कोविड-19 गाईड लाइन का उल्लंघन भी हो रहा है। कुछ मामलों में तो कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीजों को होम आइसोलेशन करने व कंटेनमेंट जोन बनाने के बावजूद उनके परिजन व खुद पॉजिटिव व्यक्ति भी घरों से बाहर घूमते दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन को इस बारे में शक्ति दिखाना होगी, अन्यथा कोरोना की तीसरी लहर की रोकथाम के सारे प्रयास धरे के धरे रह जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बडऩगर तहसील में 32 नए कोरोना मरीज

Sat Jan 29 , 2022
ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से फेल रहा है तीसरी लहर का संक्रमण रूनिजा (बडऩगर), अग्निपथ। जिले के शुक्रवार को जारी कोरोना बुलेटिन में सबसे अधिक 32 मरीज बडऩगर तहसील में संक्रमित पाए गए। इसके बाद एक बार फिर क्षेत्र में चिंता की लकीरें उभरी है। कोरोना तेजी से बढ़ता जा […]

Breaking News