‘पेड’ व्यूज के सहारे कांग्रेस की नाव

सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने में व्यस्त कांग्रेस के नेता, जमीनी लोग घर में जमा

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच के सीधे मुकाबले में प्रचार का दौर अब तेज हो चला है। भारतीय जनता पार्टी के महापौर पद के प्रत्याशी मुकेश टटवाल के लिए संघ की टीम मैदान में उतरी है। इस टीम ने मोहल्लावार पदाधिकारियों की बैठक लेना आरंभ की है। दूसरी तरफ कांग्रेस के महापौर पद के प्रत्याशी विधायक महेश परमार का चुनाव प्रचार पूरी तरह से फेसबुक केंद्रित होकर रह गया है। प्रचार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पेड व्यूज का सहारा लिया जा रहा है।

नगर निगम चुनाव में भाजपा के पिछले 10 साल के दो बोर्ड के कार्यकाल की विफलताओं को जनता के बीच ले जाने और जनता की नाराजगी को वोटो में तब्दील कर नगर निगम में कांग्रेस का परचम लहराने का जिम्मा प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने तराना विधायक महेश परमार को सौंपा है। महेश परमार का ज्यादातर राजनैतिक कार्यकाल उज्जैन शहर से बाहर घट्टिया और तराना विधानसभा क्षेत्र में रहा है।

उज्जैन में महापौर प्रत्याशी के रूप में चयनित होने पर खुद कांग्रेस के ही नेताओं ने महेश परमार पर बाहरी होने का ठप्पा लगा दिया था। कांग्रेस से जुडक़र जमीन पर काम करने वाले और अपने-अपने क्षेत्र में साख रखने वाले कई कांग्रेसी नेताओं ने इसी वजह से निकाय चुनाव में पार्टी से दूरी भी बना ली है। कांग्रेस के कई बड़े नेता तो घरों से बाहर ही नहीं निकले।

भाजपा की अंदरूनी तैयारी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उज्जैन प्रवास के दौरान भाजपा के महापौर प्रत्याशी मुकेश टटवाल के लिए तैयार माहौल का जायजा लेकर गए थे। भोपाल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री की संघ से जुड़े पदाधिकारियों से चर्चा हुई। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते है कि संघ ने सिलसिलेवार रूप से अपनी टीम को चुनाव मैदान में उतारना शुरू कर दिया है। मोहल्लेवार स्वयंसेवकों की बैठके आरंभ की गई है। संघ की रणनीति हर घर संपर्क की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सभा कमलनाथ की, भीड़ जुटाएंगे शिवराज के साले

Mon Jun 27 , 2022
मुख्यमंत्री से नाराज उनके साले संजय मसानी संभाल रहे कांग्रेस की कमान उज्जैन, अग्निपथ। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ मंगलवार सुबह उज्जैन आएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री उज्जैन में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विधायक महेश परमार और 54 वार्डो के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में शहीद पार्क पर […]