सभा कमलनाथ की, भीड़ जुटाएंगे शिवराज के साले

मुख्यमंत्री से नाराज उनके साले संजय मसानी संभाल रहे कांग्रेस की कमान

उज्जैन, अग्निपथ। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ मंगलवार सुबह उज्जैन आएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री उज्जैन में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विधायक महेश परमार और 54 वार्डो के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में शहीद पार्क पर आमसभा करेंगे। उज्जैन में कमलनाथ की आमसभा में भीड़ जुटाने से लेकर तमाम तरह की व्यवस्थाओं की मानिटरिंग के लिए भोपाल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले संजय मसानी को उज्जैन भेजा गया है।

भाजपा की तरफ से चुनाव प्रचार का शंखनाद करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा आए थे। अब कांग्रेस की तरफ से इसका जवाब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की आमसभा से दिया जा रहा है। कमलनाथ की आमसभा भी शहीद पार्क पर उसी जगह होगी जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आमसभा हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह 10 बजे वायुयान से उज्जैन पहुंचेंगे। 10.30 बजे वे महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे। सुबह 11.15 बजे पूर्व मुख्यमंत्री देवासरोड स्थित एक होटल में शहर के प्रमुख लोगों से मुलाकात करेंगे।

दोपहर 12 बजे शहीद पार्क पर उनकी आमसभा होगी। दोपहर 1 बजे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेस कांफ्रेस में शामिल होंगे और इसके बाद दोपहर 2 बजे उज्जैन से भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। पूर्व सीएम कमलनाथ की आमसभा की तैयारियों के लिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय मसानी को उज्जैन भेजा है।

सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह मसानी उज्जैन पहुंचे। उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया व अन्य प्रमुख नेताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की आमसभा के स्थल, बैठक स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संजय सिंह मसानी ने 3 नवंबर 2018 को विधानसभा चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस का दामन थामा था। कांग्रेस ने संजय सिंह मसानी को वारासिवनी से विधानसभा उम्मीदवार भी बनाया था लेकिन वे चुनाव बुरी तरह हार गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अंधा कत्ल बना माकड़ोन का डबल मर्डर

Mon Jun 27 , 2022
20 दिन बाद भी नहीं हुई दोनों की शिनाख्त उज्जैन, अग्निपथ। गला काटकर की गई महिला और युवती की हत्या का मामला अंधाकत्ल बन चुका है। 20 दिन बाद भी दोनों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने सुराग देने वाले को 10 हजार का इनाम देने की घोषण […]