भविष्य के भारत की ध्वजवाहक है युवा शक्ति : मुख्यमंत्री डॉ यादव

वीइआईटी विश्वविद्यालय का पांचवां दीक्षांत समारोह सम्पन्न

सीहोर, अग्निपथ। विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। मात्र पाठ्यक्रम तक सीमित रहने वालों को शिक्षक कहा जा सकता है परंतु जो विद्यार्थी के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देते हैं, उन्हें सम्मान पूर्वक गुरु का संबोधन प्राप्त होता है।

बदलते दौर के इस भारत में विदेशी विद्यार्थी भी हमारी शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन के लिए आ रहे हैं। देश की युवा शक्ति भविष्य के भारत की ध्वजवाहक है। भारत में वैज्ञानिक सोच और ज्ञान परंपरा प्राचीन काल से ही पर्याप्त संपन्न रही है, इसके पर्याप्त उदाहरण हमारे प्राचीन ग्रंथो में मिलते हैं।

यह बात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कोठरी स्थित वीआईटी विश्वविद्यालय के पांचवे दीक्षांत समारोह में कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय, विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक वातावरण, सुविधा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हैं।

इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए ही प्रदेश के विश्वविद्यालय के कुलपति को कुलगुरु का संबोधन प्रदान किया गया है, जो भारतीय परंपरा के अनुकूल है। शैक्षणिक संस्थाओं का उत्साह से भरपूर वातावरण और दीक्षांत समारोह की गरिमा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार करती है।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि वेल्लोर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में से एक है। यहां प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का प्लेसमेंट सुनिश्चित है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल सहित अमरावती, वेल्लोर, तमिलनाडु के विश्वविद्यालय भारतीय युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं। जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता के अनुरूप है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विद्यार्थियों का आवाहन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ ही दीक्षा अर्थात सबको जोडक़र चलते हुए, अपने परिवार -समाज और देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हुए आगे बढ़े। यह सौभाग्य की बात है कि संस्थान में अध्यनरत देश के अलग-अलग भागों के विद्यार्थियों का मध्य प्रदेश से संबंध जुड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए आशीष और शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर अंग वस्त्रम पहना कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी की स्थापना, संचालित अकादमी गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विस्तार योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर, विधायक सुदेश राय, विधायक गोपालसिंह इंजीनियर, वीआईटी. समूह के संस्थापक सह चांसलर डॉ. जी. विश्वनाथन तथा रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल के प्रेसिडेंट डॉ रवि पी गांधी, कलेक्टर प्रवीण सिंह तथा एसपी मयंक अवस्थी उपस्थित थे।

Next Post

महाकाल मंदिर से निकली उमा माता की सवारी

Fri Oct 4 , 2024
शिप्रा तट पर पूजन-अर्चन और जवारे विसर्जन किये गये उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले उमा सांझी महोत्सव के तहत शुक्रवार को भगवान श्री महाकालेश्वर की भांति वर्ष में एक बार निकलने वाली श्री उमा माता की सवारी महाकाल मंदिर के आंगन से […]