महाकालेश्वर मंदिर में 60 घंटे का लॉकडाउन: कोरोना से मुक्ति के लिए अति रुद्र महामृत्युंजय अनुष्ठान प्रारंभ

77 ब्राह्मणों ने एक ही लय ताल में शुरू किया मंत्रोच्चार, श्रद्धालुओं को होते रहे दर्शन

उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर में कोरोना के खात्मे के लिए शुक्रवार से नंदी हॉल में शासकीय पुजारी के नेतृत्व में अति रुद्र महामृत्युंजय अनुष्ठान भगवान महाकाल के पंचामृत अभिषेक के पश्चात शुरू हुआ। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा यह आयोजन कराया जा रहा है। वहीं शुक्रवार की शाम से मंदिर में लॉकडाउन शुरू हो चुका था। सोमवार सुबह 6 बजे से श्रद्धालुओं के दर्शन फिर से शुरू होंगे।

शासकीय पुजारी पं. घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे ब्राह्मणों द्वारा भगवान महाकाल का मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक पूजन किया गया। इसके बाद 77 ब्राह्मणों ने नंदीहाल में बैठकर लघु रूद्र जॉप शुरू किया। एडीएम और सहायक प्रशासक नरेन्द्र सूर्यवंशी ने भी नंदीहाल में बैठकर भगवान महाकाल से कोरोना मुक्ति की प्रार्थना की। जाप लगातार दोपहर तक चलता रहा।

मंदिर के अलावा बाहर के ब्राह्मणों को भी जाप करने के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रतीक द्विवेदी द्वारा ब्राह्मणों को सोला और वरुणी प्रदान किए गए। लगातार मंत्रोच्चार के बीच लघु रूद्र जाप किया जाता रहा।

11 दिनों में लघु रूद्र बनेगा अति महारुद्र जाप

पं. यश गुरु ने बताया कि प्रतिदिन दो लघु रूद्र जाप संपन्न किए जाएंगे। इससे एक महारुद्र बनेगा। पूरे 11 दिन संपन्न करने के बाद यह महारुद्र जाप का रूप धारण कर लेगा। जिसकी मारक क्षमता काफी होगी। हिन्दू धर्मशास्त्रों में वर्णित है कि मंत्रों के लगातार एक ही लय और ताल के उच्चारण से ध्वनि तरंग पैदा होती है। जोकि वायुमंडल में जाकर विस्फोटक रूप धारण कर लेती है। यह किसी भी प्रकार के कीटाणुओं और वायरस का सफाया करने में सक्षम है।

निर्विघ्न दर्शन व्यवस्था चलती रही

महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था बाधित ना हो, इसके लिए नंदीहाल में बैठकर लघु रूद्र पाठ शुरू कराया गया है। शुक्रवार को मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन को आने वाले श्रद्धालु आसानी से भगवान के दर्शन करते रहे और दूसरी ओर लघु रूद्र जाप भी निरंतर चलता रहा। जाप चलता देखकर श्रद्धालु आनंदित और प्रफुल्लित दिखे।

सोमवार सुबह खुलेगा मंदिर

कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए शासन द्वारा प्रदेश के जिलों में शुक्रवार शाम 6 से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉक डाउन की घोषणा की गई थी। महाकालेश्वर मंदिर में भी इसी व्यवस्था के तहत शुक्रवार शाम से लॉक डाउन शुरू हुआ जो कि सोमवार सुबह तक चलेगा। सोमवार सुबह 6 बजे के बाद से श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू किए जाएंगे। परंपरागत रूप से होने वाली आरतियां और पूजन पूर्व की भांति शुरू रहेंगे।

Next Post

खबरों के उस पार: लाकडाउन से पहले उड़ी नियमों की धज्जियां

Fri Apr 9 , 2021
जिला प्रशासन ने लाकडाउन को लेकर बैठक ली और उसके बाद यह घोषणा कर दी कि दो दिन का लाकडाउन रहेगा। इसमें शनिवार और रविवार दिन रात लाकडाउन में ही गुजरेगा। जिला प्रशासन ने यह घोषणा एक दिन पूर्व ही कर दी थी लेकिन नागरिकों की जागरूकता देखिये जैसे दिल्ली […]