अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 9 लाख की 8 मोटरसाइकिलें बरामद

धार, अग्निपथ। धार शहर में दुपहिया वाहनों की बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए कोतवाली पुलिस ने एक अंतर-जिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर धार और इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों से चुराई गई 8 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है।

घेराबंदी कर दबोचे गए शातिर चोर

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी और एएसपी विजय डावर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान की टीम को बड़ी सफलता मिली। भक्ताम्बर रोड स्थित देवीजी मंदिर के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे संजय पिता भगडिया अनारे और मनोज पिता कमरु अनारे (निवासी देवीपुरा टांडा) को पुलिस ने हिरासत में लिया। आरोपियों ने मगजपुरा से बजाज पल्सर चोरी करने की बात कबूल की।

इंदौर और धार में फैला था जाल, झाड़ियों से मिले वाहन

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि अपने साथी रितेश और नबलसिंह के साथ मिलकर वे धार और इंदौर के कई इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर तिरला के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जब्त वाहनों में बजाज पल्सर एन, टीवीएस स्टार सिटी (एमपी 47 एमएल 9202), तीन यामाहा आर वन 5, एक स्पलेंडर सहित अन्य बाइक शामिल हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान, सउनि. सुनील कुशवाह, अनिल डावर, प्रआर. अरविंद चौहान, आर. रामनरेश यादव, सउनि. रामसिंह हटीला (टांडा), आर. सुनील और सायबर सेल के आरक्षक शुभम शर्मा का विशेष योगदान रहा। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Next Post

रिश्तों को तार-तार करने वाला निकला सामूहिक दुष्कर्म का मामला, नाबालिग मामा ही निकला आरोपी

Mon Feb 9 , 2026
सीहोर, अग्निपथ। भेरूंदा थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की झूठी कहानी के पीछे छिपा शर्मनाक सच पुलिस ने उजागर कर दिया है। 4 फरवरी 2026 को युवती के साथ हुए कथित अपहरण और गैंगरेप के मामले में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पीड़िता के नाबालिग मामा ने ही डरा-धमकाकर […]
दुष्कर्म

Breaking News