महाकाल को पुरोहित ने अर्पित किए हरी मिर्च, टमाटर, लहसुन कलेक्टर ने नोटिस देकर जवाब तलब किया

mahakal darshan shringar shivling

उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर में लाखों भक्तों की आस्था जुड़ी हुई है। अभी तक भगवान महाकाल को मेवा, मिष्ठान, फल, फूल, नए वस्त्र आभूषण अर्पित किए जाते रहे लेकिन सोमवार को एक पुरोहित ने सारी हदें पार कर भगवान महाकाल की जलाधारी पर श्रद्धालु द्वारा दी गई सब्जी अर्पित कर दी।

मामला उस समय सामने आया जब सहायक प्रशासक ने आफिस में लगे टीवी पर लाइव दर्शन से यह दृश्य देखा। कलेक्टर के संज्ञान में मामला आने पर उन्होंने नोटिस देकर जवाब तलब करने को कहा है।

श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को संध्या पूजन के पहले सायं 4 बजे के लगभग बाबा महाकाल की जलाधारी के आसपास गोपाल नाम के एक पुरोहित ने श्रद्धालु द्वारा दी गई लहसुन, हरी मिर्च, टमाटर व हरी सब्जी नेवैद्य लगाने के लिए रख दी।

मामला टीवी पर लाइव देख रहे सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल के सामने आने के बाद पुरोहित गोपाल से जवाब तलब किया गया और गर्भगृह निरीक्षक विजय डोडिया से जानकारी लेकर कड़ी फटकार लगाई । सहायक प्रशासक श्री जूनवाल को सफाई देते हुए पुरोहित गोपाल ने बताया कि यह सब्जी मान होने के कारण श्रद्धालु भगवान को अर्पित करने के लिए लाया था। मामले ने तूल पकड़ा और देखते ही देखते कलेक्टर आशीषसिंह के संज्ञान में बात आई तो उन्होंने मंगलवार को नोटिस देकर जवाब तलब करने को कहा है।

कंट्रोल रूम की असफलता

महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह सहित परिसर में चारों ओर सीसीटीवी लगे हुए हैं, जिसकी कमांड कंट्रोल रूम में रहती है। यहां पर कर्मचारियों की ड्यूटी भी रहती है। कंट्रोल रूम स्थापित करने के पीछे उद्देश्य है कि मंदिर परिसर में होने वाली किसी भी घटना पर नजर रखी जाए और तत्काल अधिकारी के संज्ञान में लाया जाए । लेकिन इस घटना की जानकारी कंट्रोल रूम कर्मचारियों को नहीं हो पाई थी। पहले भी जब गैंगस्टर विकास दुबे मंदिर में पकड़ाया था, उस दौरान भी कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी बाद में हो पाई थी। ऐसे में सवाल यह उठ रहे हैं कि यदि कंट्रोल रूम गर्भगृह व परिसर में नजर के लिए स्थापित किया है तो यहां बैठने वाले कर्मचारी सुरक्षा गार्ड आखिर करते क्या है ।

हाल ही में 29 मई को बाहर के एक श्रद्धालु ने मंदिर परिसर में घूमते हुए नैवेद्य से उतरकर गर्भगृह के सामने देहरी तक पहुंचकर दर्शन किए थे। जानकारी सामने आने पर दो कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की कार्यवाही कलेक्टर के निर्देश पर की गई। ऐसे में सवाल इस बात का उठ रहा है कि आखिरकार कंट्रोल रूम को किस बात के लिए संचालित किया जा रहा है।

विधान से हटकर किया कार्य आपत्तिजनक

महाकाल में शिवलिंग पूजन का पारंपरिक विधान है। इससे अलग हटकर किया गया यह कार्य आपत्तिजनक है। प्राथमिक तौर पर नोटिस देकर जवाब तलब किया है। -आशीष सिंह, कलेक्टर व अध्यक्ष महाकाल मंदिर प्रबंध समिति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महानंदा नगर शॉपिंग कॉम्लेक्स अब दो मंजिला होगा

Tue Jun 15 , 2021
पहले और दूसरे फ्लोर पर 9-9 फ्लेट्स और 10-10 कार्यालय होंगे भूतल पर 20 दुकानों का निर्माण किया जाना है 2019 से प्रस्तावित उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन विकास प्राधिकरण का महानंदा नगर शॉपिंग कॉम्पलेक्स को अब दो मंजिला बनाया जाएगा। यूडीए संचालक समिति की बैठक में इसका प्रस्ताव पास हो गया […]