पत्नी के वियोग में युवक ने ली अपनी जान, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो

ऑनलाइन जहर मंगाकर

उज्जैन, अग्निपथ। घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम भीलखेड़ा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ पत्नी को ससुराल न भेजने से क्षुब्ध होकर 25 वर्षीय युवक ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने एक 20 सेकंड का वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार अपने सास-ससुर को ठहराया है। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने के बावजूद उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

पारिवारिक विवाद बना काल

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल पिता हेमराज मालावत के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अनिल का विवाह तीन वर्ष पूर्व तराना के ग्राम कनारदी निवासी युवती से हुआ था। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी, जिसके चलते एक माह पूर्व पत्नी अपने मायके चली गई थी। अनिल लगातार अपनी पत्नी को वापस लाने का प्रयास कर रहा था और उसने कई बार अपने ससुराल वालों से मिन्नतें कीं, लेकिन सास-ससुर ने उसे भेजने से साफ इनकार कर दिया। पत्नी के विरह और ससुराल पक्ष के अड़ियल रवैये के कारण अनिल गहरे तनाव और डिप्रेशन में चला गया था। इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते उसने बुधवार को जहरीला पदार्थ गटक लिया।

वीडियो में बयां किया दर्द

जहर खाने के बाद अनिल ने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह स्पष्ट रूप से कह रहा है कि उसका ससुर सौदान चावड़ा उसकी पत्नी को घर नहीं भेज रहा है, जिसके कारण वह यह कदम उठा रहा है। पुलिस ने इस वीडियो को साक्ष्य के तौर पर लिया है और मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।

प्रसूति को लेकर था विवाद

सूत्रों के अनुसार, अनिल की पत्नी वर्तमान में गर्भवती है। एक माह पहले जब अनिल उसे मायके छोड़कर आया था, तब उनके बीच तीखी बहस हुई थी। ससुराल पक्ष चाहता था कि प्रसूति उनके पास ही हो, इसी बात को लेकर खींचतान चल रही थी और वे बेटी को विदा नहीं कर रहे थे। एक ओर जहाँ घर में नए मेहमान के आने की खुशियाँ होनी चाहिए थीं, वहीं इस आपसी जिद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। फिलहाल घट्टिया पुलिस मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

00000

Next Post

परस्पर सहकारी बैंक ने अर्जित किया ऐतिहासिक लाभ, अध्यक्ष का हुआ भव्य अभिनंदन

Fri Apr 3 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। धर्मराज मंदिर परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान परस्पर सहकारी बैंक परिवार ने अपनी वित्तीय सफलताओं का जश्न मनाया। बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 में 31 लाख 43 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर सहकारिता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस विशेष […]