शाजापुर, अग्निपथ। डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी के खिलाफ जिला अभिभाषक संघ शाजापुर ने बेहद सख्त और कड़ा रुख अपनाया है। वकीलों की संस्था ने एकमत होकर निर्णय लिया है कि इस जघन्य अपराध के आरोपी की ओर से कोर्ट में कोई भी वकील पैरवी नहीं करेगा। सामाजिक सरोकार और नैतिक जिम्मेदारी को देखते हुए अभिभाषक संघ ने आरोपी का बहिष्कार करने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है।
मासूम से पड़ोसी ने की थी हैवानियत
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव का है। रविवार शाम को एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले छब्बीस वर्षीय दुष्कर्म के आरोपी दुशरथ नाथ पिता भंवरनाथ ने बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना डाला। बच्ची के अचानक रोने की आवाज सुनकर जब उसकी मां बाहर निकली तो उसने देखा कि बच्ची पड़ोसी के घर से रोते हुए आ रही थी। बच्ची के गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान अवस्था में होने पर परिजनों के होश उड़ गए।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
पीडि़ता की मां तुरंत अपनी बच्ची को लेकर शाजापुर कोतवाली पहुंची और आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुशरथ नाथ को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को जिला न्यायालय शाजापुर में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
समाज विरोधी कृत्य पर वकीलों का गुस्सा
घटना की जानकारी मिलते ही जिला अभिभाषक संघ शाजापुर की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में वकीलों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। संघ ने माना कि आरोपी द्वारा मासूम के साथ किया गया कृत्य अत्यंत गंभीर, अमानवीय और सामाजिक दृष्टि से घोर निंदनीय है। इस आधार पर संघ ने फैसला किया कि कोई भी अभिभाषक इस हैवान की पैरवी के लिए अदालत में खड़ा नहीं होगा।
न्याय और कानून की रक्षा हमारी प्राथमिकता
अभिभाषक संघ के अध्यक्ष करणसिंह गुर्जर ने बैठक के फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि वकीलों का मुख्य काम समाज को न्याय दिलाना और कानून के इकबाल को बुलंद रखना है। इस तरह का जघन्य कृत्य पूरे समाज को झकझोरने वाला है, इसलिए संघ के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर आरोपी की पैरवी न करने का निर्णय लिया है।
इस बैठक में संघ के उपाध्यक्ष गिरधारीलाल देवतवाल, अनिल आचार्य, आसिफ कामाली, विवेक शर्मा, देवेंद्र वर्मा, कमल पाटीदार, जावेद पठान, सावेद पठान, सुनील परमार, जीवन गुर्जर, आसिफ खान सहित कार्यकारिणी सदस्य व पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम की अधिकृत जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी सईद पठान द्वारा दी गई।
00000

